दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं के विरोध में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल जंतर मंतर पर लगातार प्रदर्शन कर रही हैं। उनके समर्थन में लोगों का हुजूम जुटना शुरू हो गया है। छात्र से लेकर कई महिलाओं की टोली वहां उनके विरोध प्रदर्शन में साथ खड़ी हो रही हैं।
सुरक्षा के मद्देनज़र जंतर मंतर पर काफी संख्या में अर्द्धसैनिक बल के साथ दिल्ली पुलिस को तैनात कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार जंतर मंतर शाम 5 बजे खाली करना है वहीं विरोध जता रहे लोग एवं महिलाएं यह मानने को तैयार नहीं हैं। जंतर मंतर पर स्वाति मालीवाल लेटी हुई हैं। वहां जिस तरह से भीड़ बढ़ रही है उससे लग रहा है कि आने वाले कुछ घंटों में तनाव बढ़ने का अंदेशा है। इसी दौरान कुछ लोगों ने दुष्कर्मियों के पुतले को फांसी देने की मांग करते हुए उनका पुतला फूंका है।