दुनियाभर में कोरोना वायरस ने कोहराम मचा रखा है। WHO ने पहले ही इसे महामारी घोषित कर दिया है। चीन, इटली और ईरान में हालात बेकाबू है। वहीं भारत में भी स्थिती गंभीर है। जहां भारत में कोरोना वायरस से दो लोगों की मौत हो चुकी है तो वहीं अभी तक कोरोना से संक्रमित 13 मरीज ठीक भी हो चुके हैं । इसके साथ ही देर रात कर्नाटक में 2 नये मरीजों की पुष्टि के साथ ही भारत में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 126 तक जा पहुंची है। कर्नाटक में अब ये आंकड़ा 8 से 10 हो गया है। वहीं सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आए हैं। जहां 39 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। आपको बता दें कर्नाटक में 2 नये मरीजों के अलावा जम्मू-कश्मीर में 1, ओडिशा में 1, लद्दाख में 1, और केरल में 3 नए मामलों की पुष्टी हुई है।
वहीं ऐहतियातन विदेश यात्राओं पर पाबंदियां और बढ़ा दी गई हैं। जिसके तहत यूरोपियन यूनियन, तुर्की और ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों पर 18 मार्च से अगले आदेश तक रोक लगाई गई है। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए पांच पड़ोसी देशों की सीमाओं पर आवागमन को पहले ही पूरी तरह से बंद कर दिया है। बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और म्यामांर की सीमाओं को बीते 15 मार्च की आधी रात से बंद किया गया था। साथ ही पड़ोसी देश पाकिस्तान की सीमा को भी बीते 16 मार्च की आधी रात से ही अगले आदेश तक के लिए बंद किया गया था। भारत और बांग्लादेश के बीच अंतरराष्ट्रीय ट्रेन और बस सेवाओं को भी ऐहतियात के तौर पर 15 अप्रैल तक के लिए बंद किया गया है

