मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) ने सोमवार (11 मई, 2026) को सहयोग शिविर से संबंधित सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 एवं सहयोग पोर्टल (sahyog.bihar.gov.in) रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम का लोकार्पण किया. अब निचले स्तर पर 30 दिनों में लोगों की शिकायतों का समाधान हो सकेगा.
इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ निश्चय के तहत बिहार सरकार आम नागरिकों की समस्याओं को प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से समाधान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है. हम लोगों ने यह तय किया है कि अब पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर लगाकर समस्याओं का निपटारा 30 दिनों के अंदर किया जाएगा.
डीएम-एसपी करेंगे मॉनिटरिंग
सीएम ने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक रियल टाइम मॉनिटरिंग करेंगे. सहयोग शिविर में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी लोगों की समस्याओं का समाधान त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से 30 दिनों के अंदर हर हाल में सुनिश्चित करेंगे. इसके लिए प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को बिहार के सभी पंचायतों में सहयोग शिविर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर 30 दिनों के अंदर संबंधित पदाधिकारी आवेदन का निष्पादन कर आदेश पारित नहीं करते हैं, फाइल अटकाते हैं, या इस काम में कोताही बरतते हैं तो वह स्वतः 31वें दिन निलंबित हो जाएंगे.
सीएम ने अधिकारियों से आग्रह करते हुए कहा कि अगर विकास का कोई कार्य है या सड़क, बिजली, पानी आदि से जुड़ी जनता की कोई मूलभूत आवश्यकता है तो उसको ध्यान में रखते हुए सरकार फैसला लेगी, लेकिन निचले स्तर पर प्रखंड, अंचल या थाना से संबंधित किसी व्यक्ति की कोई समस्या है तो उसका निपटारा 30 दिनों के अंदर हर हाल में करना होगा.
सम्राट चौधरी ने कहा कि आईटी विभाग द्वारा सभी प्रखंड, अंचल एवं थानों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम चल रहा है ताकि वहां की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. उन्होंने कहा कि 11 अंक काफी शुभ माना जाता है. आज 11 तारीख है और सहयोग हेल्पलाइन नंबर भी 11 से शुरू है. इस शुभ बेला में शुभ कार्य की शुरुआत हो रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक लोगों के आवेदन आने बंद नहीं होंगे तब तक यह सहयोग शिविर चलता रहेगा. इसका मूल मकसद लोगों की समस्याओं का यथाशीघ्र निष्पादन करना है.

