पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों में बड़ी हार मिलने के बावजूद ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद की कुर्सी छोड़ने से इनकार कर दिया था. इस फैसले के बीच बंगाल में विधानसभा भंग हुई. दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ममता बनर्जी से मुलाकात करने के लिए कोलकाता पहुंचे.
अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की मुलाकात पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी का बड़ा बयान आया है. उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव तो ममता दीदी से मिलने जाएंगे ही. अभी तो बहुत लोग जाने वाले हैं. जो-जो जा रहे हैं सबका सूपड़ा साफ होने वाला है.”
बिहार बीजेपी अध्यक्ष ने अखिलेश यादव को चेतावनी देने के लहजे में कहा, “अगले साल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव है, उनका भी यही हाल होने वाला है, जैसा बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी का सूपड़ा साफ कर दिया. आप अगर जनहित में नहीं सोचेंगे तो जनता मौका लगते ही आपको हटा देगी.”
‘यूपी मॉडल’ की तर्ज पर बंगाल में हुए चुनाव- अखिलेश यादव
ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में चुनाव ‘उत्तर प्रदेश मॉडल’ की तर्ज पर डराने-धमकाने और हेरफेर के माध्यम से कराए गए हैं. यूपी में जो हुआ, वही बंगाल में दोहराया गया है. अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी से कहा, “आप हारी नहीं हैं. लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई जारी रहेगी. हम आपके साथ खड़े हैं.” वहीं, अखिलेश यादव ने TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को ‘कड़ी टक्कर देने’ के लिए बधाई दी.

