बिहार की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। मोकामा विधानसभा सीट से जदयू के चर्चित विधायक अनंत सिंह को कोर्ट से बेल मिल गई है। बता दें कि अनंत सिंह को चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड के मामले में जमानत मिली है। माना जा रहा है कि अनंत सिंह आज गुरुवार की शाम या कल गुरुवार को जेल से बाहर आ जाएंगे।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बीते साल नवंबर महीने में हुए बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान मोकामा के टाल क्षेत्र में दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी। दुलारचंद प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ता थे और पार्टी से प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहे थे। इस हत्या के बाद अनंत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। चुनाव के दौरान हुए इस हत्याकांड ने राज्य में हलचल मचा दी थी। इसके बाद वोटिंग से पहले ही अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया था। तभी से अनंत सिंह पटना के बेउर जेल में बंद हैं।
जेल से चुनाव जीते थे अनंत सिंह
अनंत सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा सीट से जेल में रहते हुए ही जीत हासिल कर ली थी। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के उम्मीदवार अनंत सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की प्रत्याशी वीणा सिंह को 28,206 वोटों से हराया था। बता दें कि वीणा सिंह बाहुबली नेता सुरजभान सिंह की पत्नी हैं। अनंत सिंह को चुनाव में कुल 91,416 वोट मिले, जबकि राजद उम्मीदवार वीणा देवी को 63,210 वोट प्राप्त हुए थे।

