कोरोना वायरस COVID-19 ने पंजाब में एक और की जान ले ली है। लुधियाना नार्थ के ACP अनिल कोहली की शनिवार को मौत हो गई है। ACP का एसपीएस अस्पताल में इलाज चल रहा था। सिविल सर्जन ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी है। वह कुछ दिनों से वेंटिलेटर पर थे और हालत नाजुक थी। ACP की उम्र 52 साल थी। ACP मूल रूप से खन्ना के रहने वाले थे। शुक्रवार को एक कानूनगो की मौत हो गई थी। लुधियाना में दो दिनों में कोरानो से 2 मरीजों की मौत हो गई है।
पंजाब में Coronavirus से यह 16वीं मौत है। राज्य में अब तक 216 लोगों कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। पिछले 3 दिनों में पंजाब में Corona से 3 लोगों की मौत हो गई है। वीरवार और शुक्रवार को एक-एक मरीज की मौत हो गई थी। ACP कोहली के निधन से पंजाब पुलिस में मातम छा गया है।
ACP अनिल कोहली का इलाज प्लाज्मा थैरेपी से करने की तैयारी की जा रही थी। यह पंजाब का पहला ऐसा केस होता, जिसमें यह थैरेपी करवाई जाती। ACP के स्वजनों ने इसकी मंजूरी दे दी थी। ACP लुधियाना के एसपीएस अस्पताल में उपचाराधीन थे। उनके उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग संभावित प्लाज्मा दानी से तालमेल कर रहा था।
इससे पहले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बताया गया था कि थैरेपी में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इस थैरेपी का प्रबंध राज्य सरकार के स्वास्थ्य सलाहकार और PGI के पूर्व डायरेक्टर डॉ. केके तलवाड़ कर रहे थे।
डॉ. तलवाड़ की विनती पर PGI के ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के पूर्व प्रमुख डॉ. नीलम मरवाहा ने प्लाज्मा थैरेपी के लिए कोशिशों में नेतृत्व करने की सहमति दे दी थी। इस दौरान अनिल कोहली के संपर्क में आए 3 लोगों के भी COVID-19 के टेस्ट किए गए थे। इनमें ACP की पत्नी, उनका ड्राइवर और अनिल कोहली के सब- डिवीजन के अधीन आने वाले क्षेत्र जोधेवाल का सब इंस्पेक्टर शामिल हैं।