बिहार के रोहतास से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपना प्राइवेट पार्ट काटकर मंदिर में चढ़ा दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, पति ने अपनी पत्नी से विवाद के बाद ये कदम उठाया। हॉस्पिटल में पति का इलाज जारी है लेकिन डॉक्टर्स का कहना है कि अब युवक में मर्दानगी नहीं रहेगी।
क्या है पूरा मामला?
मामला रोहतास के कुसडिहरा गांव का है। यहां एक 25 साल के शादीशुदा युवक ने अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर हुए तनाव के बाद गांव के ही एक शिव मंदिर में जाकर अपने प्राइवेट पार्ट को काट दिया और फिर भगवान से ये प्रार्थना करने लगा कि उसे बचा लो।
वह धारदार हथियार से अपनी गर्दन भी काटना चाहता था लेकिन तब तक अन्य लोगों ने उसे देख लिया और परिजनों को सूचना दे दी। आनन फानन में युवक को सासाराम के सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक युवक अपना प्राइवेट पार्ट (गुप्तांग) पूरी तरह काटकर अलग कर चुका था और उसे मंदिर में चढ़ा चुका था।
सासाराम हॉस्पिटल के ट्रामा सेंटर में उसकी इलाज किया गया और फिर उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया है। युवक की पहचान विकास कुमार के नाम पर हुई है। विकास के प्राइवेट पार्ट और गर्दन पर गहरे जख्म हुए हैं। हालांकि इस घटना के बाद किसी प्रकार का कोई पुलिस कंप्लेंट नहीं हुई है लेकिन युवक की इस अजीबोगरीब हरकत की चर्चा पूरे इलाके में है।
सासाराम के सिविल सर्जन का सामने आया बयान
इस संबंध में सासाराम के सिविल सर्जन डॉ मणिराज रंजन ने बताया कि युवक ने अपने लिंग को पूरी तरह से काटकर हटा दिया है। इसके पीछे कुछ मनोवैज्ञानिक कारण भी हो सकते हैं। बेहतर इलाज और सेवा से वह आने वाले दिनों में स्वस्थ हो जाएगा लेकिन उसमें नपुंसकता आ जाएगी। सिविल सर्जन का कहना है कि युवक में अब मर्दानगी नहीं रहेगी। फिलहाल इस अजीबोगरीब प्रकरण की इलाके में खूब चर्चा है। (रिपोर्ट- रोहतास से रंजन सिंह)

