उत्तर प्रदेश सरकार ने मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ी पहल की है। राज्य कैबिनेट ने ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ को मंजूरी दे दी है। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इस योजना के तहत मेधावी छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि महिला सशक्तिकरण हेतु छात्राओं को प्रोत्साहन के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। सभी कॉलेज,राज्य विवि, निजी विवि व सम्बद्ध सभी महाविद्यालय व स्ववित्तपोषित महाविद्यालय इस परिधि के अंतर्गत आते हैं।
बता दें कि यूपी कैबिनेट की बैठक में कुल 18 प्रस्ताव मंजूर हुए हैं।
योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। सरकार का उद्देश्य छात्राओं की उच्च शिक्षा तक पहुंच को आसान बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
किसे मिलेगा लाभ?
प्रत्येक संस्थान के 2025-26 में पास आउट ग्रेजुएशन छात्राओं में टॉप 5 प्रतिशत छात्राओं को लाभ मिलेगा।
जिनके परिवार की वार्षिक आय ₹12 लाख से कम हो, रजिस्ट्रेशन शुल्क, वाहन बीमा सरकार वहन करेगी साथ में 5 लीटर पेट्रोल प्रदान किया जाएगा।
स्कूटी का क्रय GeM पोर्टल से होगा।
दिव्यांगजन, निराश्रित व शहीद परिवार की छात्राओं को भी दिया जाएगा और इनके लिए मेरिट मानक नहीं होगा।
यूपी में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना क्या है?
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करना, छात्राओं के सफर को आसान बनाना, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और शिक्षा को बढ़ावा देना है।

