देवास के एबी रोड स्थित टोंककला में संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया. धमाका इतना भयानक था कि आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गईं. फैक्ट्री में काम कर रहे कई मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, वहीं कुछ लोगों की मौत की भी सूचना सामने आ रही है. स्थानीय लोगों का दावा है कि मृतकों का आंकड़ा 15 तक पहुंच सकता है. हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के बाद सड़क पर मांस के चिथड़े और शरीर के टुकड़े बिखरे पड़े थे. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार, भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का दावा
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री में खुलेआम बारूद रखकर पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही थी. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की.
हादसे के बाद गांव-गांव में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. लोगों ने फैक्ट्री मालिक अनिल मालवीय पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि फैक्ट्री को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था. ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि फैक्ट्री का संबंध सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी या उनके करीबी लोगों से बताया जा रहा है. मौके पर सुबह भारी मात्रा में खुले में बारूद पड़े होने की बात भी सामने आई है, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया.
सीएम मोहन यादव ने व्यक्त किया शोक
देवास ब्लास्ट पर अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए लिखा है, “देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है. मैंने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं.”
मृतकों के परिजनों को 4 लाख मुआवजा
इसी के साथ सीएम मोहन यादल ने ऐलान किया है कि मृतकों के परिजनों को एमपी सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी. वहीं, घायलों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा. सीएम मोहन यादव ने आगे लिखा, “बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति तथा दुर्घटना में घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं.”

