राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया है। सफदरजंग मौसम केंद्र में सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि के दौरान 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
गरज के साथ होगी बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार मौसम की यह गतिविधि अगले दो दिन तक जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के कई क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में आज का तापमान
पालम मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर यह सामान्य से 5.4 डिग्री कम 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम 22 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में सामान्य से 3.7 डिग्री कम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में साफ हुई हवा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़े के अनुसार, सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 81 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है।

