उन्नाव गैंगरेप और हत्या की शिकार पीड़िता के परिजन स्थानीय प्रशासन पर भड़क गए। प्रशासन पीड़िता की कब्र पर चबूतरा का निर्माण कार्य शुरू किया, तभी परिजनों ने निर्माण कार्य को बीच में ही रुकवाते हुए ईंटों को उखाड़ कर फेंक दिया। प्रशासन ने सोमवार शाम को कब्र पर निर्माण कार्य शुरू करवाया था। अब मौके पर सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।
पीड़िता की बड़ी बहन ने मांगें पूरी न होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। पीड़िता की बहन की तबियत अचानक खराब होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। बता दें कि पीड़िता के पिता ने नौकरी, शस्त्र लाइसेंस और सरकारी आवास की मांग कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता के परिजन को शस्त्र लाइसेंस प्रदान कर दिया गया है।
उन्नाव जिले के बिहार थाना क्षेत्र में पीड़िता के शव को दफनाया गया है। स्थानीय प्रशासन वहां चबूतरे का निर्माण कार्य शुरू किया था। बिहार थाना प्रभारी विकास पांडेय ने बताया कि परिजनों के विरोध के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया है। साथ ही कब्र पर भी सुरक्षा की व्यवस्था कर दी गई है। वहीं, पीड़िता के पिता ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक निर्माण नहीं होगा।