दुनियां पर साल की शुरूआत से छाया कोरोना महामारी का खतरा है कि कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पूरी दुनियां इस वक्त कोरोना वायरस की गिरफ्त में है। इस अनदेखे दुश्मन ने अब तक 3 लाख से ज्यादा लोगों की जान ले ली है। वहीं अभी भी इसकी चपेट में 44 लाख से ज्यादा लोग है। कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। अमेरिका में कोरोना वायरस का प्रकोप सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। अमेरिका कोरोना का केंद्र बना हुआ है। यहां 84 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 13 लाख से अधिक लोग संक्रमित हैं। अमेरिका में अबतक कुल 84 हजार 119 लोगों की मौत हुई है। साथ ही यहां संक्रमण के 13 लाख 90 हजार 406 मामले दर्ज किए गए हैं। अमेरिका के बाद कोविड-19 संक्रमण में रूस का दूसरा स्थान है जहां 2 लाख 42 हजार 271 मामले सामने आए हैं। वहीं, 2 लाख 30 हजार 986 मामलों के साथ ब्रिटेन, 2 लाख 28 हजार 691 मामलों के साथ स्पेन, 2 लाख 22 हजार 104 मामलों के साथ इटली, 1 लाख 90 हजार 137 मामलों के साथ ब्राजील, 1 लाख 78 हजार 184 मामलों के साथ फ्रांस, 1 लाख 74 हजार 98 मामलों के साथ जर्मनी, 1 लाख 43 हजार 114 मामलों के साथ तुर्की और 1 लाख 12 हजार 725 मामलों सहित इरान महामारी से अन्य सबसे अधिक प्रभावित हुए देशों में शामिल हैं। वहीं कोरोना संक्रमण की रफ्तार को रोकने के लिए पिछले करीब 3 महीनों से दुनियां के कई देशों में लॉकडाउन लागू है, लेकिन हालात हाथ से निकलते जा रहे हैं।
