बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए सोमवार (16 मार्च, 2026) को वोटिंग हुई. एनडीए के सभी 202 विधायकों ने वोट डाला जबकि महागठबंधन से चार विधायकों ने दूरी बना ली. इनमें कांग्रेस के तीन और आरजेडी के एक विधायक फैसल रहमान शामिल हैं. विधायकों के गायब रहने पर सत्ता धारी दल के नेता तंज भी कस रहे हैं. इस बीच खुद फैसल रहमान ने कारण बताया है कि उन्होंने क्यों वोट नहीं दिया और वे कहां थे.
मां से बढ़कर कुछ भी नहीं: फैसल रहमान
विधायक फैसल रहमान ने कहा कि उनकी मां की तबीयत खराब है. वह दिल्ली में हैं. फैसल रहमान ने कहा कि वह वोट डालने के लिए कल पटना गए थे लेकिन मां के बीमार होने के कारण उन्हें दिल्ली जाना पड़ा. उनके नेता तेजस्वी यादव को ही इस बात की जानकारी है. उन्होंने साफ कहा कि मां से बढ़कर कुछ भी नहीं है.
बता दें कि आरजेडी ने एडी सिंह को राज्यसभा भेजने के लिए नामांकन कराया था. उनकी जीत पर पहले से सस्पेंस बरकरार था. अब जब महागठबंधन के ही चार विधायकों ने वोट नहीं दिया तो यह लगभग तय माना जा रहा है कि एडी सिंह हार जाएंगे. सोमवार देर शाम तक रिजल्ट आने की संभावना है.
एनडीए के नेता कस रहे तंज
दूसरी ओर वोटिंग से महागठबंधन के चार विधायकों के दूर रहने पर एनडीए के नेता तंज कस रहे हैं. केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है, “जब पैसा लेकर टिकट बेचिएगा तो माननीय विधायक फोन नहीं ऑफ करेगें तो क्या करेंगे. जय NDA, तय NDA”.
वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, “आज आरजेडी-कांग्रेस का व्यवहार सामने आ गया है कि उनके विधायकों ने ही वोट देने से इनकार कर दिया. पहले तो जनता ने उन्हें वोट देने से इनकार कर दिया… एनडीए का शत-प्रतिशत मतदान हुआ और मतगणना के बाद सारी स्थिति स्पष्ट होगी… होटल में लोगों को वे बांधकर रख रहे हैं, लोगों को डराने का काम आरजेडी-कांग्रेस का है…”





