पश्चिम बंगाल में अगले कुछ महीनों में विधानसभा के चुनाव हैं। सभी पार्टी नेताओं ने जनसभाएं और बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। हावड़ा जिले में स्थित शिबपुर विधानसभा सीट राज्य की राजनीति में एक अहम स्थान रखती है। यह इलाका मुख्य रूप से शहरी है। आइए इस सीट की राजनीतिक प्रोफाइल, जातीय समीकरण और पिछले तीन चुनावों के नतीजों पर एक नजर डालते हैं।
इस सीट पर अल्पसंख्यक वोट निर्णायक
पश्चिम बंगाल की शिबपुर विधानसभा सीट हावड़ा लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। ये सीट आरक्षित नहीं है। शिबपुर विधानसभा सीट में जातीय समीकरण दलों की चुनावी रणनीति को प्रभावित करता है। यहां मुस्लिम आबादी लगभग 26 प्रतिशत है, जो अल्पसंख्यक वोटों का महत्वपूर्ण आधार बनाती है। अनुसूचित जाति (SC) की आबादी करीब 3.92 प्रतिशत है, जिसमें बागड़ी और अन्य समुदाय शामिल हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) में महिष्य समुदाय की मजबूत उपस्थिति है, जबकि अगुरी और यादव समुदाय कुछ इलाकों में प्रभावी हैं।
सीट पर टीएमसी का है दबदबा
इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) मुस्लिम और ओबीसी वोटों पर निर्भर करती है, जबकि भाजपा एससी और सामान्य वर्ग में अपनी पहुंच बढ़ाने की प्रयास करती है। शिबपुर सीट में पिछले दशक से टीएमसी का दबदबा कायम है, जहां जतु लाहिरी और मनोज तिवारी जैसे नेता प्रमुख रहे हैं।
टीएमसी के मनोज तिवारी ने भाजपा को हराया
शिबपुर विधानसभा सीट से टीएमसी की नेता मनोज तिवारी ने 92,372 वोट (50.69%) के साथ जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर भाजपा से रथिन चक्रवर्ती रहे, जिन्हें 59,769 वोट (32.8%) मिले। तीसरे स्थान पर ऑल इंडिया फार्वर्ड ब्लाक (AIFB) के जगन्नाथ भट्टाचार्य रहे, उन्हें 23,000 वोट (12.62%) मिले।
2016 विधानसभा चुनाव में भी टीएमसी ने दर्ज की जीत
2016 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से टीएमसी ने जीत दर्ज की। टीएमसी के उम्मीवार जतु लाहिरी ने 88,076 वोट (51.86%) के साथ जीत हासिल की। एआईएफबी के उम्मीदवार जगन्नाथ भट्टाचार्य दूसरे स्थान पर रहे, जिन्हें 61,062 वोट (35.96%) मिले। तीसरे स्थान पर भाजपा के राम प्रसाद भट्टाचार्य रहे, उन्हें करीब 14,000 वोट (8.24%) मिले।
2011 में AIFB से TMC ने छीनी थी ये सीट
2011 के विधानसभा चुनाव परिणाम में टीएमसी ने ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) से सीट पर कब्जा किया। टीएमसी के नेता जतु लाहिरी ने 1,00,739 वोट (61.83%) हासिल कर जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर एआईएफबी के जगन्नाथ भट्टाचार्य रहे, जिन्हें 54,335 वोट (33.35%) मिले। भाजपा के प्रबीर कुमार राय को करीब 4,000 वोट ही मिले।





