Foreign Ministers of G7 countries

Russian Ukraine War: यूक्रेन में रूस और अमेरिका आमने-सामने, अब NATO ने भी भेज दिए युद्धपोत और लड़ाकू विमान

यूक्रेन से जारी तनाव के बीच अमेरिका और रूस आमने-सामने हैं। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि अगर रूस ने हमला किया तो उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उधर, रूस ने भी साफ कर दिया है कि अगर नाटो के हथियारों को यूक्रेन से नहीं हटाया गया तो कुछ भी हो सकता है। यूक्रेनी सीमा पर रूसी सैनिकों के जमावड़े और काला सागर में रूसी नौसेना की बढ़ती ताकत से पूरी दुनिया दहशत में है। यही कारण है कि अमेरिका के नेतृत्व वाले सैन्य संगठन नाटो ने यूक्रेन की सुरक्षा के लिए पूर्वी यूरोप में एफ-35, एफ-16 लड़ाकू विमानों, सैनिकों और युद्धपोतों को तैनात कर दिया है। ये तैनाती रूस के नजदीक स्थित अलग-अलग देशों में की गई है।

नाटो ने बयान जारी कर बताया है कि उसने सहयोगी देशों की सेनाओं को अलर्ट पर रखा है। पूर्वी यूरोप में बढ़ते तनाव को देखते हुए लड़ाकू विमानों और युद्धपोतों को भेजा जा रहा है। नाटो ने चेतावनी दी है कि अगर रूस ने यूक्रेन की सीमा पर सैन्य तनाव को जारी रखा तो उसकी घेराबंदी को और मजबूत किया जाएगा। नाटो ने बताया है कि पिछले कई दिनों में उसके सदस्य देशों ने पूर्वी यूरोप में सैन्य तैनाती को लेकर अपने रुख को स्पष्ट किया है। कई देश ऐसे भी हैं, जिन्होंने नाटो रिस्पांस फोर्सेज को मजबूत करने के लिए अपने युद्धपोतों, लड़ाकू विमान और थल सेना को स्टैंडबॉय पर रखा हुआ है। जरूरत पड़ने पर इन सैनिकों और हथियारों को पूर्वी यूरोप में तैनात किया जा सकता है।

नाटो का सदस्य देश डेनमार्क बाल्टिक सागर में एक युद्धपोत भेज रहा है। इसके अलावा पूर्वी यूरोप में नाटो के हवाई सुरक्षा मिशन को मजबूती देने के लिए लिथुआनिया में चार एफ -16 लड़ाकू जेट तैनात करने के लिए तैयार है। स्पेन नाटो नेवल फोर्सेज को मजबूत करने के लिए युद्धपोत भेज रहा है। इसके अलावा बुल्गारिया में लड़ाकू विमानों को तैनात करने की योजना बना रहा है। फ्रांस ने नाटो कमान के तहत रोमानिया में सेना भेजने की इच्छा व्यक्त की है। नीदरलैंड ने भी नाटो की हवाई सुरक्षा पेट्रोलिंग को मजबूत करने के लिए बुल्गारिया में दो एफ-35 लड़ाकू विमान भेज रहा है। उसने नाटो की सहायता के लिए अपनी थल सेना और युद्धपोतों को भी अलर्ट पर रखा है। अमेरिका ने भी कहा है कि वह यूक्रेन में सैन्य उपस्थिति को बढ़ाने पर विचार कर रहा है।

मैं नाटो में एडिशनल फोर्सेज के योगदान का स्वागत करता हूं। नाटो, गठबंधन के पूर्वी हिस्से को मजबूत करने सहित सभी सहयोगियों की रक्षा और बचाव के लिए आवश्यक उपाय करना जारी रखेगा। हम अपने सुरक्षा को लेकर किसी भी खतरे का हमेशा जवाब देंगे। इसमें हमारी सामूहिक रक्षा को मजबूत करना भी शामिल है।
नाटो महासचिव जेन्स स्टोलटेनबर्ग

नाटो एक रक्षात्मक सैन्य गठबंधन है। 2014 में क्रीमिया के रूस के अवैध कब्जे के जवाब में नाटो ने पूर्वी यूरोप में अपनी उपस्थिति बढ़ा दी थी। इसमें एस्टोनिया, लातविया, लिथुआनिया और पोलैंड में चार मल्टीनेशनल बैटल ग्रुप भी शामिल हैं। ये बैटल ग्रुप यूनाइटेड किंगडम, कनाडा, जर्मनी और अमेरिका के नेतृत्व में युद्ध के लिए तैयार हैं। उनकी उपस्थिति स्पष्ट करती है कि एक सहयोगी पर हमले को पूरे गठबंधन पर हमला माना जाएगा। 2014 से पहले पूर्वी यूरोप में नाटो सेनाएं नहीं थीं। माना जाता है कि यही कारण है कि नाटो ने 2014 में यूक्रेन की मदद नहीं की थी।

यूरोपीय संघ ने यूक्रेन के लिए 1.2 अरब यूरो का नया सहायता पैकेज तैयार किया है। यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यूरोपीय संघ यूक्रेन के साथ खड़ा है। हम अपने संकल्प पर अडिग हैं। मैं यूक्रेन का समर्थन करने के लिए आपातकालीन लोन और अनुदान से बने एक नए वित्तीय सहायता पैकेज की घोषणा कर रही हूं। हम यूक्रेन का आधुनिकीकरण करने के लिए एमएफए कार्यक्रम पर काम शुरू करेंगे। हम भविष्य में भी यूक्रेन की सहायता करने के लिए मदद करना जारी रखेंगे।

नाटो (NATO)सदस्य देशों ने यूक्रेन को अत्याधुनिक हथियारों की सप्लाई शुरू कर दी है। यूक्रेन को हथियार भेजने में अमेरिका, ब्रिटेन, पोलैंड, तुर्की, लिथुआनिया, लातविया और एस्टोनिया समेत कई अन्य पश्चिमी देश शामिल हैं। ब्रिटेन ने यूक्रेन को हाल में ही एंटी एयरक्राफ्ट मिसाइलों का जखीरा भेजा है। ये मिसाइलें आसानी से एक जगह से दूसरी जगह पर ले जाकर फायर की जा सकती हैं। तुर्की ने भी यूक्रेन की सहायता के लिए सैकड़ों की संख्या में बायरकटार TB2 ड्रोन सौंपा है। इन ड्रोन्स की मदद से यूक्रेन की सेना रूसी सीमा की रखवाली भी कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1