ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद खाड़ी में युद्ध जारी है। इस युद्ध का एक महीना बीत चुका है और ईरान लगातार अरब देशों में अमेरिका-इजरायल के ठिकानों पर हमले कर रहा है। ईरान में जारी अपने सैन्य ऑपरेशन ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ को लेकर अमेरिका ने बड़ा ऐलान किया है.अमेरिका के वॉर विभाग ने बताया कि मंगलवार स्थानीय समयानुसार, सुबह आठ बजे और भारतीय समयानुसार आज शाम साढ़े छह बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। उम्मीदें लगाई जा रही हैं कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में युद्ध को लेकर बड़ा ऐलान हो सकता है। वहीं, ईरान ने इजरायल पर बड़ा साइबर अटैक किया है।
ईरान के इस्फहान इलाके में भीषण हमला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में हुए एक भीषण विस्फोट का वीडियो साझा किया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह विस्फोट मंगलवार तड़के इस्फ़हान शहर में हुआ। फुटेज में कई धमाके होते दिख रहे हैं, जिसके बाद भीषण आग की लपटें आसमान को नारंगी रंग से रोशन कर देती हैं।
दुबई में बड़े धमाके, दूर तक गूंजी आवाज
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, दुबई में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात के आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि वह मिसाइल हमलों के खतरे से निपटने के लिए कदम उठा रहा है। अधिकारियों ने निवासियों से आग्रह किया, “कृपया सुरक्षित स्थान पर रहें और चेतावनियों और अपडेट के लिए आधिकारिक चैनलों का अनुसरण करें।”
IRGC ने तंगसिरी की मौत का बदला लेने की कसम खाई
इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) ने अमेरिकी-इजरायली हमलों में मारे गए नौसेना कमांडर अलीरेज़ा तंगसिरी की मौत का बदला लेने की कसम खाई है। सरकारी प्रेस टीवी ने आईआरजीसी के एक वरिष्ठ सैन्य कमांडर अली अब्दुल्लाही के हवाले से कहा, “वीर आईआरजीसी लड़ाकों के हाथों बेबस दुश्मनों को पहले से कहीं अधिक करारा और भीषण प्रहार किया जाएगा।”
अमेरिका पर अब हमला नहीं करेंगे ट्रंप?
दुबई के तट पर कुवैती तेल टैंकर पर ईरानी हमले के बाद तेल की कीमतों में भारी उछाल आया। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट वायदा की कीमत लगभग 4% बढ़कर 107 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, लेकिन वाशिंगटन जर्नल की एक रिपोर्ट के बाद इसमें कुछ गिरावट आई। रिपोर्ट में कहा गया था कि डोनाल्ड ट्रंप होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद रहने पर भी ईरान के खिलाफ अमेरिकी आक्रमण समाप्त करने को तैयार हैं। ईरानी हमले के समय, कुवैत के ध्वज वाला विशाल कच्चा तेल वाहक पोत अल-सलमी, दुबई बंदरगाह के लंगर क्षेत्र में था, जो कुवैत से मात्र 31 समुद्री मील उत्तर-पश्चिम में स्थित है और फारस की खाड़ी से बाहर निकलने की प्रतीक्षा कर रहे जहाजों से भरा हुआ है।





