पाकिस्तान के बलूचिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने 5 लोगों को दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बलूचिस्तान के हरनाई जिले के शहराग इलाके में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने स्थानीय लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर 5 लोगों की हत्या कर दी। इस घटना में 3 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, हथियारबंद लोगों ने शेख मूसा बाबा चौक के पास एक अस्थायी चौकी बना रखी थी और वहां से गुजरने वाले लोगों के कम्प्यूटरीकृत राष्ट्रीय पहचान पत्र यानी कि CNIC की जांच कर रहे थे।
भीड़ पर चला दीं अंधाधुंध गोलियां
बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने जांच का विरोध किया, जिसके बाद हमलावरों और लोगों के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते बंदूकधारियों ने भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। घटना में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने क्वेटा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान जमान शाह, जिया-उल-हक, अब्दुल काहिर, जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम के नेता मौलवी जाहिद शाह और इकरामुल्लाह शाह के रूप में हुई है। घायलों में नासिर शाह, मुल्ला समद और साकिब शाह शामिल हैं।
कराची में नवविवाहित दंपती की हत्या
इससे पहले सोमवार को कराची में एक नवविवाहित जोड़े की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हमला उस समय हुआ जब दंपती अदालत से अपनी शादी को कानूनी मान्यता दिलाने के बाद लौट रहा था। डॉन अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, दंपती जैसे ही अदालत से निकला, हमलावरों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और सऊदाबाद इलाके में आरसीडी मैदान के पास उन्हें रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। कोरंगी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिदा हुसैन जनवारी ने बताया कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

