पश्चिमी लंदन में UAE के शाही परिवार से जुड़ी 32 वर्षीय महराह अल नहयान सड़क किनारे बेहोश मिलीं। इस दौरान उनकी देखरेख में मौजूद एक छोटा बच्चा बिना जूतों के सड़क के पास अकेला घूमता मिला। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 13 जून को हुई इस घटना में राहगीरों ने बच्चे की मदद की और पुलिस के पहुंचने तक उसकी देखभाल की। महराह ने मंगलवार को साउथवार्क क्राउन कोर्ट में बच्चे की देखरेख में लापरवाही बरतने का अपराध स्वीकार कर लिया।
महराह अल नाहयान के साथ था बच्चा
अभियोजक रियो पहलवानपौर के मुताबिक, राहगीरों ने बच्चे को बिना जूतों के सड़क के पास अकेला देखा और उसकी सुरक्षा के लिए मदद की। घटनास्थल के पास एक व्यक्ति भी बेहोश मिला था। पुलिस को महराह अल नहयान की तलाशी के दौरान नशीले पदार्थों से संबंधित कुछ सामान मिला, लेकिन कोई प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। कोर्ट को बताया गया कि उन्हें हर महीने 8,000 पाउंड का भत्ता मिलता है। फिलहाल, महराह को नशे की लत के इलाज के लिए सरे के वोकिंग स्थित प्रायरी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। उनके वकील के अनुसार, वह इस लत से उबरने की कोशिश कर रही हैं।
वकील ने किया बचा
महराह अल नहयान के वकील स्टीफन वुलो KC ने अदालत में कहा कि जिस दिन वह सड़क किनारे बेहोश मिली थीं, उस दिन उन्होंने ड्रग्स का सेवन नहीं किया था। हालांकि, इससे पहले के दिनों में कोकीन के इस्तेमाल के कारण वह बुरी तरह थक गई थीं। वकील के मुताबिक, महराह को अपनी गलती का गहरा पछतावा है और वह नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही हैं।
कोर्ट ने सुनाई सजा
महराह अल नहयान के वकील स्टीफन वुलो ने अदालत को बताया कि वह तीन महीने का इलाज पूरा करने के बाद गिल्डफोर्ड में रहने की योजना बना रही हैं। साथ ही, वह नारकोटिक्स एनोनिमस की बैठकों में हिस्सा लेंगी और डे पेशेंट के तौर पर अपना इलाज जारी रखेंगी। वहीं, सजा सुनाते हुए जज जॉनसन KC ने कहा कि अगर राहगीरों ने समय पर हस्तक्षेप नहीं किया होता, तो बच्चे के साथ कोई गंभीर घटना हो सकती थी। उन्होंने बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए महराह को दो साल का कम्युनिटी ऑर्डर दिया, जिसमें पुनर्वास भी शामिल है। इसके अलावा, उन पर कुल 6,114 पाउंड का जुर्माना लगाया गया।

