केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार आठ छात्रों की मौत हो गई. हादसा कैपमंगलम के पास पनम्बिकुन्नु में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ. पुलिस के मुताबिक, कार सड़क किनारे खड़ी एक लॉरी से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने शनिवार को हादसे की जानकारी दी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के छात्र बताए जा रहे हैं.
रात 11:40 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर हुई. बताया गया कि युवाओं की कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से जा भिड़ी. टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी आठ लोगों की जान चली गई.
राहत और बचाव के बाद निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग, पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे. राहत और बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने बताया कि सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है.
तमिलनाडु में पंजीकृत थी कार
पुलिस के मुताबिक, हादसे में दुर्घटनाग्रस्त कार तमिलनाडु में पंजीकृत थी. शुरुआती जानकारी के आधार पर माना जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग तमिलनाडु के रहने वाले थे और छात्र थे.
गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर जा रही थी कार
जानकारी के मुताबिक, कार गुरुवायूर की ओर से आ रही थी और कोडुंगल्लूर की तरफ जा रही थी. इसी दौरान कैपमंगलम के पास पनम्बिकुन्नु में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़ी लॉरी से उसकी टक्कर हो गई. हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

