पश्चिम बंगाल में शनिवार (9 मई 2026) को बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. शुभेंदु के मंत्रिमंडल में और कौन-कौन नेता शामिल होंगे, इसकी एक संभावित लिस्ट भी सामने आई है. बीजेपी की तरफ से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पार्टी के कई बड़े नेताओं के नाम संभावित मंत्रियों की सूची में सामने आए हैं. सूत्रों के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी के मंत्रिमंडल में बीजेपी की वरिष्ठ नेता अग्निमित्रा पॉल, रूपा गांगुली, दिलीप घोष, स्वपन दासगुप्ता, शंकर घोष, सरदत्त मुखर्जी, इंद्रनील खा और अजीत कुमार जाना को जगह मिल सकती है. ये सभी नेता लंबे समय से पार्टी में सक्रिय रहे हैं और पश्चिम बंगाल में बीजेपी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं.
इसके अलावा कुछ और नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं, जिन्हें नई सरकार में जिम्मेदारी दी जा सकती है. इनमें दीपंजन चक्रवर्ती, ज्वेल मुर्मू, नमन राय, दीपक बर्मन, सजल घोष और बंकिम घोष शामिल हैं. पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल का गठन किया जा सकता है
फिल्म और सांस्कृतिक जगत से जुड़े चेहरे को मौका
फिल्म और सांस्कृतिक जगत से जुड़े चेहरे भी नई सरकार में दिखाई दे सकते हैं. अभिनेता रुद्रनील घोष, रथिंद्रनाथ बसु और जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है. बीजेपी पहली बार पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने जा रही है, इसलिए पार्टी ऐसा मंत्रिमंडल तैयार करना चाहती है जिसमें राजनीतिक अनुभव के साथ अलग-अलग वर्गों का प्रतिनिधित्व भी दिखे. शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बनने वाली यह सरकार पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव मानी जा रही है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि अंतिम सूची में किन नेताओं को जगह मिलती है और किसे कौन सा विभाग दिया जाता है.
बंगाल चुनाव में किस पार्टी ने कितने सीटें जीती
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है. भाजपा ने 206 सीटें जीतकर विधानसभा में दो-तिहाई से ज्यादा बहुमत हासिल कर लिया है. इसके साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल पुराने शासन का अंत हो गया है. यह चुनाव मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के बाद हुआ पहला चुनाव था. चुनाव नतीजों में तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा था. पार्टी सिर्फ 80 सीटें जीत सकी और एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है. राज्य की कुल 293 विधानसभा सीटों में से 292 सीटों के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं. अन्य दलों की बात करें तो कांग्रेस को 2 सीटें मिली हैं. आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) ने भी 2 सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं सीपीआई(एम) सिर्फ 1 सीट जीतने में सफल रही.

