कोतवाली के अंतर्गत ईस्ट प्रताप नगर कॉलोनी से एक सनसनी खबर सामने आई है। जहां एक युवक ने कमरे में लगे पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। इसे देख परिजनों की चीख निकल गई। कमरे का दरवाजा तोड़ कर उसे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार ईस्ट प्रताप नगर, महोली रोड निवासी अशोक कुमार शर्मा मूल रूप से मुरसाना क्षेत्र के गांव पैंठ के रहने वाले हैं। वह यहां परिवार के साथ रह रहे हैं। बताते हैं कि शुक्रवार की रात उनका बेटा प्रत्युष शर्मा (19) अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह काफी देर तक जब बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने उसे आवाज लगाकर जगाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नही आई। तो परिजनों ने शक होने पर जंगले से झांक कर देखा तो उनकी चीख निकल गई।
प्रत्युश गले में साड़ी का फंदा लगा कर पंखे से लटका हुआ था। सूचना मिलने पर कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी उमेश चंद्र शर्मा ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होने बताया कि प्रत्युश पिछले कुछ समय से पब्जी खेला करता था। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने उससे मोबाइल छीन कर तोड़ दिया था। कोतवाली प्रभारी उमेश शर्मा ने आशंका जताई है कि युवक पब्जी खेल खेलता था और पिता ने उसका मोबाइल छीन लिया था। प्रत्युश शर्मा पढ़ने में शुरू से ही मेधावी छात्र रहा था। वह इस साल आईआईटी की तैयारी कर रहा था। इसके लिए वह कोचिंग भी ले रहा था। उसकी मौत ने परिवारीजनों को अंदर से झंकझोर दिया है।