राजस्थान और महाराष्ट्र में हो सकता है ‘सियासी उठा-पठक’

मध्य प्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार पर भले ही संकट अभी टल गया हो लेकिन पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। इस बीच महाराष्ट्र और राजस्थान में कुछ सही नहीं चल रहा है और क्या यहां भी मध्य प्रदेश की तरह ‘सियासी खेल’ हो सकता है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री जयंत पाटिल ने दावा किया है कि BJP के 14-15 विधायक महाराष्ट्र विकास अघाडी के संपर्क में हैं। वहीं राजस्थान के पूर्व परिवहन मंत्री युनूस खान ने कहा है कि CM अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच की दूरियों से राज्य की दिशा बिगड़ रही है।

महाराष्ट्र राकांपा प्रमुख पाटिल ने भी BJP पर सत्ता के लिए उतावला होने का आरोप लगाया। पाटिल ने कहा है कि विपक्षी पार्टी के 14-15 विधायक हमारे संपर्क में हैं। यहां तक कि आज भी संपर्क में हैं। हमें उनके काम करने होंगे क्योंकि हमारे उनसे अच्छे सबंध हैं। हम उनकी मानसिकता समझते हैं। उन्होंने कहा कि फिर भी, यह सही नहीं है कि हम उनका शिकार करें… हमारी इच्छा गलती करने की नहीं हैं। हमारी तवज्जो इस बात पर है कि सरकार चले। गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में हुए विधानसभा चुनाव में BJP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना ने CM पद को लेकर BJP से संबंध तोड़ लिये थे, जिस वजह से महाराष्ट्र में BJP सरकार नहीं बना सकी थी।

राजस्थान के पूर्व परिवहन मंत्री युनूस खान ने कहा है कि वर्तमान सरकार के 14 महीने की कार्यशैली से जनता में निराशा है। BJP राज के काम जनता ने देखे हैं और कांग्रेस राज के भी देख रही है। आम लोग सरकार की कार्यप्रणाली से त्रस्त हैं। खान ने कहा कि CM एवं उपमुख्यमंत्री को साथ बैठकर जनता की परेशानी को दूर करके उन्हें राहत दिलाने की दिशा में काम करना चाहिए।

कांग्रेस ने कहा है कि MP में कमलनाथ सरकार को कोई खतरा नहीं है और उसे गिराने का भारतीय जनता पाटीर् का षड़यंत्र विफल हो गया है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आज़ाद, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, पार्टी प्रवक्ता विवेक तन्खा तथा संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुरुवार को संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि पिछले 5 -6 साल से जब से भारतीय जनता पार्टी सत्ता में है तब से प्रदेशों में लोकतंत्र खत्म किया जा रहा है। इस क्रम में सबसे पहले अरुणाचल प्रदेश में चुनी हुई सरकार को गिराया गया, उसके बाद मणिपुर में कांग्रेस की बहुमत वाली सरकार गिरायी गई, गोवा में कांग्रेस के बहुमत को नजरअंदार किया गया और उसे सरकार बनाने नहीं दिया गया। इसी तरह कनार्टक में राज्यपाल ने कांग्रेस के बहुमत को नजरअंदाज कर BJP को शपथ दिलाई। अब BJP ने मध्य प्रदेश में सेंध लगाने का प्रयास किया लेकिन वह विफल हो गयी है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि MP में कांग्रेस के 114 विधायक हैं और एक निर्दलीय प्रदीप जैसवाल मंत्री हैं। अर्थात 115 बहुमत का आंकड़ा है, जो कांग्रेस के पास है। दो बहुजन समाज पार्टी के विधायक, रामाबाई परिहार और संजीव कुशवाहा ने आज भी कांग्रेस के समर्थन की अपनी बात दोहराई है। समाजवादी पार्टी के राधे शुक्ला ने भी अपनी आस्था सरकार में व्यक्त की है। केदार डावर और विक्रम सिंह राणा निर्दलीय विधायक भी कांग्रेस के साथ हैं। उन्होंने कहा ‘बुधवार को भाजपाईयों ने षडयंत्र के तहत कुछ विधायकों को हरियाणा के मानेसर में एक होटल में बंधक बनाया, पर वो स्वेच्छा से कांग्रेस के समर्थन में वापस आ खड़े हुए। ऐसी भी सूचना है कि दिल्ली से BJP के नेता 4 विधायकों को जबरदस्ती बेंगलुरु ले गए हैं, इनमें 3 कांग्रेस के और एक निर्दलीय हैं। BJP का यह घिनौना षडयंत्र कांग्रेस के नहीं, अपितु मध्य प्रदेश के खिलाफ है जिसका जवाब प्रदेश की जनता राज्य विधानसभा की कुछ सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव में देगी।

आजाद ने कहा कि MP में सरकार गिराने का यह चौथा प्रयास हुआ है। कांग्रेस इस मुद्दे को संसद में भी उठाएगी। उन्होंने दावा किया कांग्रेस ने कभी इस तरह की राजनीति नहीं की और BJP विधायकों की खरीद फरोख्त कर कांग्रेस सरकार को गिराने का यह प्रयास कर रही है जो लोकतंत्र विरोधी कदम है और कांग्रेस इस तरह के कदम की कड़ी निंदा करती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1