हाथरस कांड को लेकर सियासत उफान पर है। लखनऊ से लेकर दिल्ली और देश के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं। कांग्रेस लगातार यूपी की योगी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष Rahul Gandhi एक बार फिर Hathras जा रहे हैं। वो दिल्ली स्थित कांग्रेस दफ्तर से अन्य नेताओं के साथ निकल गए हैं। वहीं, दूसरी तरफ यूपी पुलिस एक्टिव मोड में आ गई है।
दिल्ली से Hathras जाने के लिए राहुल गांधी पूरे लाव-लश्कर के साथ निकले। DND पहुंचे राहुल की कार बहन प्रियंका गांधी खुद चला रही हैं। राहुल और प्रियंका के साथ 35 सांसदों का डेलीगेशन जा रहा है। अपने नेता को देख उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता Rahul Gandhi और प्रियंका गांधी के समर्थन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं. DND पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
कांग्रेस के काफिले में शामिल कुछ गाड़ियां डीएनडी पर खराब भी हो गई हैं। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी गाड़ियों से बाहर निकल आए हैं। सांसद दो बसों में सवार हैं। नोएडा बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। DND पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। नोएडा के डिप्टी पुलिस कमिश्नर रणविजय सिंह लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं से Corona काल में 144 लागू होने का हवाला देते हुए अपने घर लौट जाने की अपील कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेसी DND पर जमे हुए हैं।
DND पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता नियमों और कोविड प्रोटोकॉल की भी जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। दूसरी तरफ, राजधानी लखनऊ में यूपी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। लखनऊ के बहुखंडी स्थित लल्लू के आवास पर भी भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
आवास पर तैनात पुलिसकर्मी अजय लल्लू को कहीं भी आने-जाने की इजाजत नहीं दे रहे हैं। बताया जाता है कि अजय लल्लू के आवास पर आधी रात के बाद 1 बजे से ही भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अजय कुमार लल्लू की सुरक्षा को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
अजय लल्लू को हाउस अरेस्ट ऐसे समय में किया गया है, जब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष Rahul Gandhi ने हाथरस जाने का ऐलान किया है। Rahul Gandhi ने ट्वीट कर कहा है कि उन्हें हाथरस जाकर पीड़िता के परिजनों से मिलकर उनका दर्द बांटने से कोई नहीं रोक सकता। राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी भी होंगी।
गौरतलब है कि गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में उस वक्त काफी बवाल हुआ था जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी एक्सप्रेसवे होते हुए Hathras जाने की कोशिश कर रहे थे। नोएडा पुलिस ने उन्हें जाने की इजाजत नहीं दी थी। राहुल के साथ धक्कामुक्की तक की नौबत आ गई थी। घंटों के ड्रामे के बाद पुलिस ने राहुल और प्रियंका को हिरासत में लिया था और बाद में छोड़ दिया गया था।