महेश भट्ट के बेटे राहुल भट्ट ने अपनी फैमिली और सौतेली बहनों आलिया भट्ट व शाहीन भट्ट के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि दोनों के साथ उनका रिश्ता सम्मान और अपनापन वाला है, हालांकि उनकी मुलाकात कम ही हो पाती है। राहुल ने कहा कि फिलहाल परिवार में उनकी सबसे मजबूत बॉन्डिंग अपनी सगी बहन पूजा भट्ट के साथ है। सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट में उन्होंने आलिया के स्टारडम और पूजा की प्रतिभा को लेकर अपनी राय भी साझा की।
अलिया-शाहीन को लेकर क्या बोले राहुल भट्ट?
राहुल भट्ट ने कहा कि आलिया और शाहीन उनकी छोटी बहनें हैं और दोनों के साथ उनका रिश्ता प्यार व सम्मान पर आधारित है। उन्होंने बताया कि उनके बीच किसी तरह का मनमुटाव नहीं है और दोनों बहनें उन्हें प्यार से ‘सनी बनी’ कहकर बुलाती हैं। राहुल ने कहा कि शाहीन अपनी जिंदगी में सेटल हैं, वहीं आलिया ने भी अपने करियर में बड़ी पहचान बनाई है। हालांकि, वह चाहते हैं कि दोनों के साथ उनका रिश्ता और ज्यादा करीब हो। राहुल के मुताबिक, परिवार की मुलाकातें ज्यादातर महेश भट्ट के जन्मदिन, क्रिसमस और दिवाली जैसे खास मौकों पर ही होती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आलिया का स्टारडम काफी अलग स्तर का है, इसलिए उनके साथ रिश्ते की स्थिति भी थोड़ी अलग है।
मेरे लिए पूजा सबसे महत्वपूर्ण रिश्ता हैं’
राहुल भट्ट ने बताया कि परिवार में उनकी सबसे करीबी बॉन्डिंग अपनी सगी बहन पूजा भट्ट के साथ है। उन्होंने कहा कि आलिया और शाहीन से उनका रिश्ता भी अच्छा है, लेकिन पूजा के साथ उनका जुड़ाव अलग तरह का है। राहुल और पूजा, महेश भट्ट और उनकी पहली पत्नी किरण भट्ट के बच्चे हैं, जबकि आलिया और शाहीन, महेश भट्ट और सोनी राजदान की बेटियां हैं। बातचीत में राहुल ने पूजा और आलिया के करियर की तुलना करते हुए कहा कि दोनों अलग-अलग दौर की अभिनेत्रियां रही हैं, इसलिए उनकी सीधी तुलना करना सही नहीं होगा। उन्होंने आलिया के बड़े और विविध फिल्मी करियर के साथ-साथ उनके फिल्मों के चुनाव और लगातार मिल रही सफलता की भी तारीफ की।
पूजा में टैलेंट का पावरहाउस था’
राहुल भट्ट ने आलिया की कामयाबियों की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी नजर में पूजा भट्ट की प्रतिभा बिल्कुल अलग है। उन्होंने पूजा के व्यक्तित्व, स्टाइल, बातचीत के अंदाज और उनकी समझदारी का जिक्र करते हुए उन्हें अपने सभी भाई-बहनों में बेहद बुद्धिमान और प्रतिभाशाली बताया। हालांकि, राहुल ने साफ किया कि पूजा की तारीफ करने का मतलब आलिया की उपलब्धियों को कम आंकना नहीं है। उन्होंने कहा कि आलिया ने अपने दम पर इंडस्ट्री में पहचान बनाई है और लगातार अच्छा काम करके खुद को साबित किया है। राहुल के मुताबिक, आलिया टैलेंट के साथ-साथ पब्लिक रिलेशंस और करियर को समझने की अच्छी क्षमता भी रखती हैं, यही वजह है कि वह अपने आप में एक ‘इंस्टीट्यूशन’ हैं।
रणबीर कपूर से भी मिल चुके हैं राहुल
राहुल भट्ट ने बातचीत में आलिया भट्ट के पति रणबीर कपूर के साथ अपनी मुलाकातों को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि वह अब तक रणबीर से करीब पांच-छह बार मिल चुके हैं, जिनमें कुछ मुलाकातें सिकंदर खेर की पार्टियों में हुई थीं। राहुल ने कहा कि उस वक्त रणबीर काफी युवा थे और उनका व्यवहार उन्हें काफी अच्छा लगा। उन्होंने रणबीर को ‘कूल’ और दूसरों को सम्मान देने वाला इंसान बताया। राहुल के मुताबिक, रणबीर ने फिल्म ‘एनिमल’ के लिए हथियारों को संभालने से जुड़ी जानकारी को लेकर भी उनसे बातचीत की थी। राहुल फिटनेस ट्रेनिंग के साथ हथियारों की ट्रेनिंग से भी जुड़े रहे हैं।
महेश भट्ट का परिवार रहा है चर्चा में
महेश भट्ट की पारिवारिक जिंदगी भी अक्सर चर्चा में रही है। उन्होंने 1970 में लॉरेन ब्राइट से शादी की थी, जो बाद में किरण भट्ट के नाम से जानी गईं। इस शादी से उनके दो बच्चे पूजा भट्ट और राहुल भट्ट हैं। बाद में महेश और किरण अलग हो गए। इसके बाद उन्होंने 1986 में अभिनेत्री सोनी राजदान से शादी की। इस शादी से उनकी दो बेटियां शाहीन भट्ट और आलिया भट्ट हैं।

