UP Assembly Election: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए अब BJP भी पूरी तरह से तैयारी में जुट गई है। इसी के चलते अब पार्टी के दिग्गज नेताओं की रैलियां भी प्रदेश में होने जा रही हैं। जानकारी के अनुसार Pm Narendra Modi और गृह मंत्री अमित शाह भी सूबे में एक के बाद एक कई रैलियां कर चुनावी माहौल को BJP के पक्ष में करने का पूरजोर प्रयास करेंगे। बताया जा रहा है कि PM मोदी की ही अकेले दशहरे के बाद सूबे के अलग अलग जिलों में 30 से ज्यादा रैलियां आयोजित की जाएंगी, वहीं अमित शाह और BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा भी करीब 50 रैलियों और जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
वहीं BJP के प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनावों को देखते हुए Pm Modi 14 सितंबर को अलीगढ़ और 26 सितंबर को लखनऊ रहेंगे। इसी के साथ गृह मंत्री अमित शाह की भी जनसभाएं व रैलियां चुनावों के नजदीक आने के साथ ही बढ़ने लगेंगी।
विपक्ष ने किया हमला
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की रैलियों के संबंध में समाजवादी पार्टी ने हमलावर रुख अपनाते हुए BJP पर जमकर कटाक्ष किया। सपा प्रवक्ता डॉ अनुराग भदौरिया ने कहा कि BJP को अब उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में हार का डर सताने लगा है। इसलिए अब पार्टी अपने शीर्ष नेताओं को उत्तर प्रदेश में प्रचार प्रसार के लिए लगा रही है। इसी के साथ भदौरिया ने कहा कि BJP को अब ये समझना चाहिए कि प्रदेश की जनता ने सूबे में परिवर्तन का मन बना लिया है और 2022 के चुनावों बाद सत्ता में परिवर्तन होकर रहेगा।
कांग्रेस भी तैयारियों में जुटी
वहीं दूसरी तरफ विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने भी कमर कस ली है। अब पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी के दौरे शुरू हो रहे हैं। वे गुरुवार को लखनऊ पहुंचने के बाद वे 10 और 11 सितंबर को पार्टी के नेताओं व पदाधिकारियों के साथ एक के बाद एक कई बैठकें करेंगी। प्रियंका गांधी एक ओर जहां मिशन-2022 के लिये अबतक की गई तैयारियों का जायजा लेंगी, तो वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के मौजूदा सियासी और जातीय समीकरणों को ध्यान मे रख मिशन-2022 को लेकर कोई ठोस रणनीति भी बनाते नजर आयेंगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि प्रियंका गांधी 10 सितंबर को कांग्रेस मुख्यालय पर सुबह 10 बजे सबसे पहले यूपी कांग्रेस की एडवाइजरी एंड स्ट्रेटजी कमेटी के साथ बैठक करेंगी। फिर प्रदेश इलेक्शन कमेटी के साथ बैठक के बाद प्रियंका गांधी जोनवार बैठक करेंगी।

