केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 82वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने जवानों और उनके परिवारों को बधाई दी। PM मोदी ने कहा कि CRPF हमारे राष्ट्र को सुरक्षित रखने में सबसे आगे है। इस बल के साहस और व्यावसायिकता की व्यापक रूप से प्रशंसा की जाती है। आने वाले वर्षों में CRPF और भी अधिक ऊंचाइयां हासिल करे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी स्थापना दिवस पर CRPF को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि CRPF वीरता, साहस और बलिदान का पर्याय है। समय-समय पर CRPF ने देश को गौरवान्वित किया है। कोरोना वायरस के दौरान समाज की सेवा के लिए उनका समर्पण अद्वितीय है। मैं अपने बहादुर जवानों और उनके परिवारों को शुभकामना देने के लिए लाखों भारतीयों के साथ शामिल हूं। गृह मंत्री CRPF के 82वें स्थापना दिवस समारोह में भाग भी लेंगे।

82वें स्थापना दिवस पर CRPF के डीजी आनंद प्रकाश माहेश्वरी ने कहा कि हम उन सब शहीदों के ऋणी हैं जिन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया है। 2200 से अधिक वीरों ने शहादत दी है। ये बल उनके त्याग और बलिदान को वीरोत्सव के रूप में मनाता है। लगभग 2000 वीरता पदकों से इस देश ने इस बल को अलंकृत किया है।
27 जुलाई, 1939 को CRPF की क्राउन रिप्रेजेंटेटिव पुलिस के रूप में अस्तित्व में आई थी। 28 दिसंबर, 1949 को इसे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) बना दिया गया। CRPF ने 80 साल का गौरवशाली इतिहास पूरा कर लिया है। पाकिस्तानी घुसपैठियों की ओर से शुरू किए गए हमलों के बाद CRPF के जवानों को जम्मू-कश्मीर की पाकिस्तानी सीमा पर तैनात किया गया।