West Bengal Repoll 2026 : पश्चिम बंगाल में सियासी पारा हाई है। दो चरणों की वोटिंग के बाद पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं, तो इस बीच आज पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है। चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर, इन दोनों सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया है। जहां मगराहाट वेस्ट के 11 और डायमंड हार्बर के 4 पोलिंग बूथों पर आज फिर वोट डाले जा रहे हैं।
दरअसल, चुनाव आयोग को 77 पोलिंग सेंटर्स पर री-पोल कराने की रिक्वेस्ट मिली थी। आरोप था कि कुछ बूथों पर EVM से छेड़छाड़ की गई है और कुछ जगह EVM में गड़बड़ी की शिकायत थी, जिसे लेकर इलेक्शन ऑब्जर्वर्स की रिपोर्ट आने के बाद चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की 2 सीटों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया। इन 15 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग जारी रहेगी।
डायमंड हार्बर में 4 पोलिंग बूथों पर री-पोलिंग हो रही है। इसमें बूथ नंबर- 117, बूथ नंबर- 179, बूथ नंबर- 194 और बूथ नंबर- 243 शामिल हैं। वहीं, मगराहाट वेस्ट में 11 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान हो रहा है। इनमें बूथ नंबर- 46, बूथ नंबर- 126, बूथ नंबर- 127, बूथ नंबर- 128, बूथ नंबर- 142, बूथ नंबर- 214, बूथ नंबर- 215, बूथ नंबर- 216, बूथ नंबर- 230, बूथ नंबर- 231 और बूथ नंबर- 232 हैं। पश्चिम बंगाल के 15 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान से जुड़ा हर अपडेट यहां पढ़ें।
सुबह 9 बजे तक डायमंड हार्बर में 15.83% मतदान
पश्चिम बंगाल में पुनर्मतदान हो रहा है। सुबह 9 बजे तक मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथों पर 16.68 फीसदी और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर 15.83 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है।
पुनर्मतदान के लिए TMC नेता ने BJP को ठहराया जिम्मेदार
टीएमसी की नेता शशि पांजा ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान जानबूझकर अशांति फैलाने की कोशिश की, ताकि कई बूथों पर दोबारा मतदान कराया जा सके और पश्चिम बंगाल को बदनाम किया जा सके। पश्चिम बंगाल की मंत्री और टीएमसी उम्मीदवार शशि पांजा, श्यामपुकुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।
BJP ने किया पुनर्मतदान का स्वागत
BJP ने पुनर्मतदान के चुनाव आयोग के निर्णय का वेलकम करते हुए कहा है कि दोनों विधानसभा सीटों के ज्यादा बूथों पर वोटिंग होनी चाहिए। दूसरी तरफ, टीएमसी ने पुनर्मतदान के लिए BJP को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे पश्चिम बंगाल को ‘बदनाम’ करने की एक रणनीति बताया है।
उपद्रवियों को रोकने के लिए RAF तैनात
पश्चिम बंगाल में पुनर्मतदान के लिए दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जहां सुबह 7 बजे से पुनर्मतदान शुरू हो चुका है। मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की बाधा को रोकने के लिए पोलिंग बूथों के पास रैपिड एक्शन फोर्स तैनात की गई है।
CRPF के जवान ने की वोटर की मदद
पश्चिम बंगाल चुनाव पुनर्मतदान हो रहा है। दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में बागदा जूनियर हाई स्कूल के बूथ नंबर 117 पर एक सीआरपीएफ जवान छड़ी के सहारे चल रहे एक मतदाता की मदद करता नजर आया।
मतदान करने के लिए घरों से निकले लोग
हरिदेवपुर प्राइमरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र, बूथ नंबर 194 के बाहर वोट डालने के लिए लोगों की लंबी लाइन नजर आ रही है।
मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर में पुनर्मतदान शुरू
दक्षिण 24 परगना की दो सीटों पर मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर में पुनर्मतदान शुरू हो गया है। मगराहाट वेस्ट के 11 मतदान केंद्रों पर रिपोलिंग हो रही है। वहीं, डायमंड हार्बर के 4 पोलिंग बूथों पर दोबारा वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा।
डायमंड हार्बर सीट पर BJP Vs TMC में कड़ी टक्कर
डायमंड हार्बर सीट पर भी चुनावी जंग कड़ी है। यहां BJP ने उम्मीदवार के रूप में दीपक कुमार हलधर को उतारा है। वहीं,TMC के पन्नालाल हलधर उन्हें टक्कर दे रहे हैं। यहां कुछ बूथों पर EVM से छेड़छाड़ के आरोप लगे थे। इसके अलावा, कुछ जगहों पर EVM में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। वोटिंग के दौरान मिली शिकायतों पर EC ने एक्शन लिया है और पुनर्मतदान का आदेश दिया।
मगराहाट वेस्ट में है त्रिकोणीय के मुकाबला
मगराहाट वेस्ट में, जहां 11 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान हो रहा है, वहां त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां बीजेपी से गौरसुंदर घोष, TMC की तरफ से शमीम अहमद मुल्ला और ISF की ओर से अब्दुल अजीज अल हसन उम्मीदवार हैं।

