Parliament Session: भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष, खासकर कांग्रेस, पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली में उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर चर्चा की बात कर रहा है, जबकि पेपर लीक के असली ‘किंग’ वही हैं। दुबे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास इस विषय पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चर्चा से बच रहा है, क्योंकि अगर संसद में इस मुद्दे पर विस्तार से बहस हुई तो कांग्रेस खुद बेनकाब हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष को सच सामने आने का डर है। इसके कुछ देर बाद ही सदन में फिर हंगामा होने लगा, जिसके बाद सदन की कार्यावही कल तक स्थगित कर दी गई।
लोकसभा तीसरी बार स्थगित, राज्यसभा भी नहीं चल सकी
लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के लगातार हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही एक बार फिर बाधित हो गई। लोकसभा की कार्यवाही तीसरी बार स्थगित कर दी गई, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर तीन बजे तक के लिए टाल दी गई।
लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही शाम पांच बजे तक स्थगित करते हुए कहा कि इस दौरान सरकार और सभी दल आपसी सहमति बनाने का प्रयास करें, ताकि शाम पांच बजे से सदन में चर्चा शुरू हो सके। विपक्ष के विरोध के चलते दोनों सदनों में लगातार गतिरोध बना हुआ है।
लोकसभा-राज्यसभा में विपक्ष का हंगामा जारी
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही एक बार फिर शुरू हो गई है। इससे पहले विपक्ष के हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी। कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही विपक्ष ने फिर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते सदन में हंगामा जारी है।
शिक्षा सुधार विधेयक पर कंगना रनौत ने क्या कहा?
लोक परीक्षाएं (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर भाजपा सांसद कंगना रनौत ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि विपक्ष ने यह तय कर लिया है कि जब तक उन्हें सत्ता की कुर्सी नहीं मिलेगी, तब तक वे संसद की कार्यवाही नहीं चलने देंगे, चाहे मुद्दा कितना भी महत्वपूर्ण क्यों न हो।
कंगना रनौत ने कहा कि जब शिक्षा सुधार से जुड़ा विधेयक सदन में आया तो विपक्षी सांसदों ने उसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि पूरे देश को देखना चाहिए कि जब यह विधेयक पेश हुआ तो विपक्ष ने हाथ उठाकर इसे अस्वीकार करने की कोशिश की और कहा कि यह विधेयक नहीं आना चाहिए।
भाजपा सांसद ने कहा कि विपक्ष की मंशा यही है कि देश में कोई काम न हो, क्योंकि उन्हें जनता का जनादेश नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से विपक्ष संसद की कार्यवाही में लगातार बाधा डाल रहा है।
कल NDA संसदीय दल की ‘मंगल-मिलन’ बैठक
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) संसदीय दल की बैठक ‘मंगल-मिलन’ मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को सुबह 9:30 बजे संसद पुस्तकालय भवन (PLB) के जी.एम.सी. बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित होगी।
गृह मंत्री पर कांग्रेस का हमला
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वह आखिर कहां हैं और सदन में आकर जवाब क्यों नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को लोकसभा में आकर यह स्पष्ट करना चाहिए कि बिहार में AK-47 और दिल्ली में पेलेट गन के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि लोगों के बीच यह धारणा बन रही है कि इन सभी घटनाओं के लिए गृह मंत्री ही जिम्मेदार हैं।
पेपर लीक रोकने वाले विधेयक पर किरेन रिजिजू ने विपक्ष से की चर्चा की अपील
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोक परीक्षाएं (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर विपक्ष से सदन में चर्चा की अपील की। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्रों की चिंताओं को देखते हुए यह महत्वपूर्ण विधेयक लोकसभा में पेश किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस और कुछ विपक्षी सदस्य इस पर चर्चा करने के बजाय हंगामा कर रहे हैं।
किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए अहम फैसले लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा सुधारों को लेकर टास्क फोर्स का गठन किया गया है और ऐसी व्यवस्था बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि इस विधेयक में पेपर लीक में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी और समयबद्ध सजा का प्रावधान किया गया है।
संसदीय कार्य मंत्री ने कांग्रेस और विपक्षी दलों से अपील करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विधेयक पर सदन में खुली और विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इतने बड़े सुधारों के बाद भी चर्चा नहीं होने दी जाती है, तो इससे गलत संदेश जाएगा। रिजिजू ने कहा कि ऐसे मुद्दों पर चर्चा और बहस के लिए संसद से बेहतर जगह कोई नहीं हो सकती। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि हंगामा करने के बजाय छात्रों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा सुधार विधेयक पर गंभीर चर्चा की जाए।
संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दोबारा शुरू हो गई है। हालांकि, कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष का हंगामा जारी रहा। राज्यसभा में हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, लोकसभा की कार्यवाही जारी, जहां केंद्रीय राज्य मंत्री (कार्मिक) डॉ. जितेंद्र सिंह ने लोक परीक्षाएं (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 सदन में पेश किया।

