Muhurat Trading 2026: साल 2026 के मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन में बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई, लेकिन कारोबार खत्म होते-होते सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में बंद हुए। हालांकि, इस खास ट्रेडिंग सेशन में सन फार्मा और टाटा स्टील के शेयरों ने शानदार प्रदर्शन किया और इनमें जोरदार तेजी दर्ज की गई। दूसरी तरफ महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडिगो, ट्रेंट, इन्फोसिस और भारती एयरटेल के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
43.95 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ निफ्टी 50
मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन में घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई, लेकिन कारोबार के अंत तक तेजी कायम नहीं रह सकी। बीएसई सेंसेक्स 271.32 अंक यानी 0.33% की बढ़त के साथ 81,299.34 पर खुला, लेकिन बाद में 28.62 अंक यानी 0.04% फिसलकर 80,999.40 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 ने 40.10 अंक यानी 0.16% की तेजी के साथ 25,070.45 के स्तर पर कारोबार शुरू किया था। हालांकि, अंत में निफ्टी 43.95 अंक यानी 0.18% गिरकर 24,986.40 पर बंद हुआ।
बाजार के लिए रहा शानदार सप्ताह
घरेलू शेयर बाजार के लिए बीता सप्ताह काफी शानदार रहा। इस दौरान बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली और मजबूत ट्रेंड के बीच आज दीपावली के शुभ अवसर पर हुए मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई। हालांकि, कारोबार के अंत तक बाजार की तेजी बरकरार नहीं रह सकी और सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 में से 26 कंपनियों के शेयरों ने हरे निशान में शुरू किया था कारोबार
रविवार को हुए स्पेशल मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन में सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 26 के शेयरों ने बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार शुरू किया, जबकि 3 शेयर गिरावट के साथ खुले। वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर बिना किसी बदलाव के खुला। गौरतलब है कि शुक्रवार को कंपनी के शेयर में 6.15% की जोरदार तेजी दर्ज हुई थी। कारोबार खत्म होने तक 14 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ और 14 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि टाइटन और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
हरे निशान में खुले थे 41 शेयर, सिर्फ 17 ने ही बढ़त लेकर बंद किया कारोबार
वहीं, निफ्टी 50 की 50 कंपनियों में से 41 शेयरों ने मुहूर्त ट्रेडिंग की शुरुआत बढ़त के साथ की, जबकि 9 शेयर लाल निशान में खुले। हालांकि, कारोबार के अंत तक तस्वीर बदल गई। क्लोजिंग के समय सिर्फ 17 कंपनियों के शेयर हरे निशान में रहे, जबकि 32 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं, बीएसई का शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुआ।
कैसा रहा इस साल का मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन
मुहूर्त ट्रेडिंग में सेंसेक्स की कंपनियों में सन फार्मा 2.96% की तेजी के साथ टॉप पर रहा, जबकि टाटा स्टील 1.88%, मारुति सुजुकी 0.79% और पावर ग्रिड 0.77% चढ़े। दूसरी ओर, महिंद्रा एंड महिंद्रा में सबसे ज्यादा 0.92% की गिरावट रही। इंडिगो 0.88%, ट्रेंट 0.81%, इन्फोसिस 0.73% और भारती एयरटेल 0.62% फिसले। बता दें कि कारोबार की शुरुआत में टाटा स्टील और सन फार्मा समेत कई प्रमुख शेयर बढ़त के साथ खुले थे, लेकिन बाद में बाजार की तस्वीर बदल गई।

