बिहार में शुक्रवार को मौसम में बदलाव आया और सुबह से ही राज्य के अधिकांश जिलों में मूसलाधार बारिश, तेज हवा से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया. जबकि आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग जिलों में 12 लोगों की मौत हो गई. इसके साथ ही राज्य का तापमान करीब 8 डिग्री नीचे पहुंच चुका है और भीषण गर्मी से भी निजात मिली है.
आज शनिवार को भी राजधानी पटना सहित दक्षिण बिहार के सभी जिले और उत्तर बिहार के पश्चिमी इलाके मिलाकर कुल 24 जिलों में तेज हवा के साथ वर्षा की ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. भागलपुर और बांका जिले में भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है, तो राजधानी पटना में भी आज तेज हवा के साथ वर्षा की प्रबल संभावना है.आज भी राज्य के तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा.
दक्षिण-पश्चिम बिहार में बारिश की आशंका
मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने आज शनिवार को अधिक गर्मी रहने वाली जगह दक्षिण-पश्चिम बिहार के अनेक स्थानों पर बारिश का अनुमान जताया है . जिनमे रोहतास, भभुआ, बक्सर, भोजपुर, अरवल और औरंगाबाद में मौसम खराब रहने की आशंका है. इन जिलों में आज अधिक बारिश होने की प्रबल संभावना है साथ ही सभी लोगों को बज्रपात से सावधान रहने की सलाह दी गई है.
इसके अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगडिया और भागलपुर जिले में भी कुछ जगहों पर तेज 50 से 60 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है.
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
31 मई और 1जून को उत्तर-पूर्व बिहार समेत कुछ जिलों में मौसम बिगड़ने की संभावना है . हालांकि अधिक बारिश वाली जगह उत्तर बिहार के पूर्वी और मध्य इलाके में आज वर्षा को लेकर कोई चेतावनी नहीं दी गई है. इन जिलों में मौसम सूखा रहने का पूर्वानुमान है.परंतु मौसम विभाग ने मध्य रात्रि में 1बजे से आज सुबह 5 बजे के बीच पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया और इन जिलों में कुछ वर्ष हुई .
नवादा में तीन-गया में दो की मौत
मौसम विभाग के अनुसार,शुक्रवार को पटना में सबसे तेज 107 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली. गयाजी में हवा की गति 74 किमी प्रति घंटा रही.शुक्रवार को बज्रपात से 12 लोगों की मौत भी हुई. इनमें नवादा में वज्रपात से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई.गया जिले में भी बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई.खगड़िया और भागलपुर में एक-एक की वज्रपात में जान गई. इसके अलावा तेज हवा से कई जगह पर गिरे और कई अन्य घटनाएं भी हुई है. शुक्रवार को 12 बजे दिन के पहले दर्ज रिकॉर्ड में पटना सहित 6 जिलों में भारी बारिश हुई.
इनमें सबसे अधिक में सिवान में 135.4 मिलीमीटर दर्ज की गई. गोपालगंज में 96.6 से 82.2 मिलीमीटर के बीच अधिकांश जगहों पर भारी वर्षा हुई. इसके अलावा खगड़िया के परबत्ता में 68.4, पटना के पुनपुन में 68, नवादा के अकबरपुर में 67.2 और सारण के मांझी में 64.8 मिलीलीटर भारी बारिश हुई इसके अलावा अन्य जिलों में भी मध्यम स्तर की वर्षा दर्ज की गई.
तापमान में तेजी से गिरावट
बिहार में शुक्रवार को आई आंधी और बारिश से गर्मी से पूरी तरह निजात मिल गई.अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में बड़ी गिरावट देखी गई. पटना में अधिकतम तापमान सर्वाधिक 8.5 डिग्री सेल्सियस गिर गया .शनिवार को राजधानी में दिन का पारा 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ वहीं, पिछले कुछ दिनों से हीटवेव के चलते भट्टी बने हुए कैमूर का तापमान भी शुक्रवार को गुरुवार से 5.4 डिग्री तक नीचे गिरकर 34.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गय बीते 24 घंटे के भीतर राज्य में कहीं भी तापमान 34.4 डिग्री से ऊपर नहीं रहा. सबसे कम दिन का अधिकतम तापमान भागलपुर के सबौर में 24 डिग्री सेल्सियस का और दूसरे नंबर पर पटना दिन के सबसे कम तापमान में दर्ज की गया.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य में तापमान बढ़ने की संभावना कम है. इससे गर्मी से राहत फिलहाल जारी रहेगी, लेकिन इसके बाद जून के पहले सप्ताह में दिन का तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने बिहार में जून महीने में भीषण हीटवेव चलने के आसार जताए हैं. इस दौरान अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा सकता है.

