आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम करते ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। ट्रॉफी जीतने के साथ टीम पर करोड़ों रुपये की इनामी राशि की भी बरसात हुई। वहीं उपविजेता रही गुजरात टाइटंस को भी मोटी प्राइज मनी मिली। इसके अलावा तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए करोड़ों रुपये का पुरस्कार दिया गया।
आरसीबी को चैंपियन बनने पर मिली 20 करोड़ रूपये की प्राइज मनी
रजत पाटीदार की अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। चैंपियन बनने पर टीम को 20 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली। वहीं फाइनल में हारने वाली गुजरात टाइटंस को 12.50 करोड़ रुपये मिले। तीसरे स्थान पर रही राजस्थान रॉयल्स को 7 करोड़ रुपये और चौथे नंबर की सनराइजर्स हैदराबाद को 6.5 करोड़ रुपये की प्राइज मनी प्रदान की गई।
बैक टू बैक दो बार आरसीबी ने जीता खिताब
आईपीएल के पहले सीजन 2008 से खेल रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को अपना पहला खिताब जीतने के लिए 17 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा। हालांकि रजत पाटीदार के कप्तान बनने के बाद टीम की तस्वीर बदल गई। उनकी अगुवाई में RCB ने लगातार 2025 और 2026 में ट्रॉफी जीतकर नया इतिहास रचा। खास बात यह है कि पाटीदार अपने पहले दो सीजन में ही आईपीएल खिताब जीतने वाले पहले कप्तान बन गए हैं।
ये रहा मैच का हाल
फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए। जवाब में RCB ने 156 रन का लक्ष्य 18 ओवर में 5 विकेट गंवाकर आसानी से हासिल कर लिया। टीम की जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने पारी की शुरुआत करते हुए अंत तक नाबाद रहते हुए 42 गेंदों में 75 रन ठोके। उनकी शानदार पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
