आईपीएल 2026 में एक बार फिर Royal Challengers Bengaluru ने अपना दबदबा साबित करते हुए लगातार दूसरी बार खिताब जीत लिया। कप्तान Rajat Patidar की अगुवाई में आरसीबी ने फाइनल में Gujarat Titans को 5 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। हालांकि पूरे सीजन में सबसे ज्यादा सुर्खियां युवा बल्लेबाज Vaibhav Sooryavanshi ने बटोरीं, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन के दम पर कई बड़े व्यक्तिगत अवॉर्ड अपने नाम किए। आइए जानते हैं आईपीएल 2026 में किस खिलाड़ी और टीम को कौन-कौन से सम्मान मिले।
वैभव सूर्यवंशी ने 776 रन बनाकर जीत लिया ऑरेंज कैप
राजस्थान रॉयल्स भले ही आईपीएल 2026 का खिताब जीतने में सफल नहीं रही और प्लेऑफ के बाद उसका सफर समाप्त हो गया, लेकिन युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सीजन में अपनी बल्लेबाजी से खास छाप छोड़ी। वैभव ने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया। फाइनल तक शुभमन गिल और साई सुदर्शन उन्हें चुनौती दे रहे थे, लेकिन निर्णायक मुकाबले में बड़ा स्कोर नहीं बना सके, जिससे वैभव सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में सीजन का अंत करने में सफल रहे।
कागिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा विकेट लेकर जीती पर्पल कैप, भुवनेश्वर कुमार चुके
ऑरेंज कैप पर वैभव सूर्यवंशी का कब्जा रहा, जबकि गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने 29 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की। आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार 28 विकेट के साथ इस दौड़ में दूसरे स्थान पर रहे। वहीं फेयरप्ले अवॉर्ड पंजाब किंग्स को मिला। हालांकि टीम ने सीजन की शानदार शुरुआत की थी, लेकिन बाद में प्रदर्शन में गिरावट के कारण वह प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई। ऐसे में पंजाब को फेयरप्ले का सम्मान तो मिला, लेकिन पहली आईपीएल ट्रॉफी का इंतजार अभी भी बरकरार है।
मनीष पांडे ने अपने नाम किया कैच ऑफ द सीजन का अवॉर्ड
मनीष पांडे भले ही इस सीजन ज्यादा सुर्खियां नहीं बटोर पाए और उन्हें सीमित मौके मिले, लेकिन जब भी अवसर मिला, उन्होंने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। शानदार फील्डिंग के लिए उन्हें आईपीएल 2026 का ‘कैच ऑफ द सीजन’ अवॉर्ड मिला। केकेआर और आरसीबी के मुकाबले में टिम डेविड का उनका शानदार कैच पूरे टूर्नामेंट के सबसे यादगार पलों में शामिल रहा।
मोहम्मद सिराज ने डाली सबसे ज्यादा डॉट बॉल,चौके के मामले में साईं सुदर्शन सबसे आगे
अन्य व्यक्तिगत पुरस्कारों की बात करें तो गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 172 डॉट गेंदें फेंककर सबसे ज्यादा डॉट बॉल का अवॉर्ड अपने नाम किया। उनकी ही टीम के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने 75 चौके लगाकर इस सीजन सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड बनाया। वहीं वैभव सूर्यवंशी का दबदबा कई श्रेणियों में देखने को मिला। उन्होंने इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द ईयर और सुपर सिक्सेस अवॉर्ड जीते। वैभव ने 237.3 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 72 छक्के जड़े और इस तरह 2012 में Chris Gayle द्वारा बनाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
