सऊदी अरब में हूती हमलों का खतरा बढ़ा, भारतीय दूतावास का अलर्ट; नागरिकों को घरों में रहने की सलाह

ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद सऊदी अरब में सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सतर्कता बढ़ा दी है। दूतावास ने रविवार को भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर उन्हें सऊदी अधिकारियों के राष्ट्रीय आपातकालीन पूर्व चेतावनी मंच के जरिए मिलने वाले अलर्ट पर ध्यान देने और जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी है।

सबसे सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह
सोशल मीडिया पर जारी एडवाइजरी में लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इमारत के अंदर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने और खतरा खत्म होने तक खिड़कियों से दूर किसी अंदरूनी कमरे में रहने की सलाह दी गई है।

अपने घरों या इमारतों से बाहर न निकलें
एडवाइजरी में नागरिकों को खतरा पूरी तरह टलने तक घरों या सुरक्षित इमारतों के अंदर रहने की हिदायत दी गई है। साथ ही, खुले स्थानों, खिड़कियों और कांच से दूरी बनाए रखने तथा बालकनी और छत पर जाने से बचने को कहा गया है। वहीं, बाहर मौजूद लोगों को नजदीकी इमारत में शरण लेने या किसी मजबूत दीवार की आड़ में सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।

तस्वीरें नहीं लेने की भी सलाह
जारी दिशा-निर्देशों में लोगों से भीड़भाड़ वाले इलाकों और जोखिम भरी जगहों से दूरी बनाए रखने के साथ-साथ तस्वीरें खींचने से बचने की अपील की गई है। वहीं, वाहन चलाते समय आपातकालीन चेतावनी मिलने पर पुलों और ऊंची इमारतों से दूर सड़क के किनारे गाड़ी रोकने और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।

आपातकालीन नंबर पर करें कॉल
एडवाइजरी के मुताबिक, मक्का, मदीना, रियाद और पूर्वी प्रांत में किसी भी आपात स्थिति या खतरे की सूचना देने के लिए नागरिक 911 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, सऊदी अरब के अन्य क्षेत्रों में आपातकालीन सहायता के लिए 998 नंबर पर कॉल करने की सलाह दी गई है।

जारी निर्देशों का करें पालन
भारतीय दूतावास ने नागरिकों से अपील की है कि वे संबंधित अधिकारियों की ओर से आधिकारिक माध्यमों पर जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। यह एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है, जब यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब पर किए जा रहे ड्रोन और मिसाइल हमलों के खतरे के चलते सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

पिछले दिनों एक भारतीय नागरिक की मौत
इन हमलों में 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुआ हमला भी शामिल है, जिसमें एक भारतीय नागरिक की जान चली गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। इस घटना के बाद भारतीय दूतावास ने सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों को दोबारा जारी किया है। हमले के तुरंत बाद भी दूतावास ने भारतीय नागरिकों से स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और हवाई हमले की स्थिति में घरों के अंदर सुरक्षित रहने की अपील की थी। साथ ही, घटना से जुड़ी जानकारी, तस्वीरें या वीडियो रिकॉर्ड करने, प्रकाशित करने और सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की सलाह दी गई थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1