हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं…और मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने अपना चुनाव पार्टी कार्यकर्ताओं पर छोड़ रखा है। उन पर पूरे प्रदेश में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी है। पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के हरियाणा दौरे से पहले मनोहर लाल पूरे प्रदेश में चुनावी माहौल बनाने में जुटे हैं। करनाल के अग्रवाल धर्मशाला में सीएम का इलेक्शन ऑफिस खुला है। यहां पहुंचकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें सटीक शब्दों में कह दिया कि चुनाव कार्यकर्ताओं और जनता को ही लड़ना है।

मीडिया से बातचीत में सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हमारे यहां चेहरे देखकर टिकट नहीं मिलते। हमने 12 विधायकों के टिकट काटने का साहस जुटाया है। गुरुग्राम के विधायक को छोड़ दिया जाए तो किसी को बागी नहीं कहा जा सकता। उनकी नाराजगी भी थोड़े समय की हो सकती है। आखिर हैं तो सभी पार्टी के लोग। हमारी पार्टी में जो भी रुठे हुए लोग हैं, हम उन्हें मना लेंगे। कांग्रेस एक भी विधायक की टिकट काटने की हिम्मत नहीं कर पाई। कांग्रेस में चेहरे देखकर और न जाने किन-किन पैमानों के आधार पर टिकट बंटे हैं। कांग्रेस की टिकट का पैमाना क्या रहा होगा, यह बात अशोक तंवर से बेहतर कौन बता सकता है। उन्होंने ये भी कहा कि उन्होंने न तो किसी को तोड़ने का काम किया है न ही लुभाने का काम किया है।