बिहार के बेगुसराय के रतनपुर थानाक्षेत्र में उस वक्त हडकंप मच गया जब पांच लड़कियों के गायब होने की खबर चारों तरफ फैली। पूरे जिले की पुलिस को लड़कियों की खोजबीन के लिए हाईअलर्ट कर दिया गया, थोड़ी देर बार रतनपुर सहायक थाना को सूचना मिली की कुछ लड़कियों को एक साथ बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर देखा गया है।
तुरंत थानाध्यक्ष सुधा कुमारी पुलिस बल के साथ लड़कियों की खोजबीन करने रेलवे स्टेशन पहुंच गयी, यहां बालिका गृह से फरार पांच लड़कियों में से चार को रेलवे स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म से बरामद कर लिया गया जबकि, एक लड़की भागने में सफल रही इस बाबत रतनपुर सहायक थानाध्यक्ष सुधा कुमारी ने बताया कि बालिका गृह से फरार लड़कियां राज्यरानी ट्रेन से पटना की तरफ जाने वाली थी। इससे पहले ही उन्हें बरामद कर लिया गया।
बालिका गृह से भागी लड़कियों ने पुलिस को आपबीती सुनीई कि कैसे उन्हें गृह में प्रताड़ित किया जाता है, यहां तक कि उन्हें खाना तक समय पर नहीं मिलता। इन्हीं सब प्रताड़नाओं से तंग आकर ये लड़कियां भागने पर मजबूर हुई। यहां बरामद चार लड़कियां वापस बालिका गृह जाने के लिए तैयार नहीं हुईं, उनका कहना था कि अगर वो वापस गयी तो उन्हें फिरसे प्रताड़ना का शिकार होना पड़ेगा। वहीं लापता पांचवी लड़की की तलाश के लिए सभी थानों की पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
