अगर आप भी व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। साइबर अपराधी अब लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि व्हाट्सएप पर सिर्फ ‘NO’ लिखकर जवाब देने से भी लोग साइबर ठगी के जाल में फंस सकते हैं।
दरअसल, स्कैमर अनजान नंबरों से मैसेज भेजकर लोगों से YES या NO में जवाब मांगते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति जवाब देता है, ठगों को पता चल जाता है कि नंबर सक्रिय है और सामने वाला व्यक्ति बातचीत कर रहा है।
इसके बाद अपराधी फर्जी बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर कर्मचारी या किसी कंपनी के प्रतिनिधि बनकर संपर्क कर सकते हैं। वे अकाउंट बंद होने, केवाईसी अपडेट करने या पैसे वापस दिलाने का बहाना बनाकर निजी जानकारी मांगते हैं।
हालांकि, सिर्फ व्हाट्सएप पर ‘NO’ लिख देने से बैंक खाता खाली नहीं होता। असली खतरा तब पैदा होता है, जब कोई व्यक्ति ठगों के बहकावे में आकर ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा कर देता है।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ अनजान नंबरों से आए संदिग्ध संदेशों का जवाब नहीं देने और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह देते हैं।
अगर आपके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

