दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब महज एक हफ्ते का समय बचा है। और हर बीते दिन के साथ दिल्ली की सर्दी में चुनावी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। दिल्ली के दंगल में फतह हासिल करने के लिए आप कांग्रेस और बीजेपी ने एड़ी चोटी का पसीना एक कर दिया है। सभी राजनीतिक पार्टियां युद्ध स्तर पर चुनावी प्रचार में लगी हुई है। आम आदमी पार्टी ने जहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ही अपना चेहरा बनाया हुआ है तो वहीं बीजेपी तमाम केंद्रीय मंत्रियों को चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतारा है इनमें मुख्य रूप से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का नाम शामिल है। खबर है कि जहां आज केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी दो जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा खबर है कि आज पीएम मोदी भी एक रैली को संबोधित करेंगे। तो वहीं आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज रोड शो के जरिए चुनाव प्रचार करेंगे। आज केजरीवाल किरड़ी के अलावा मुंडका, विकास नगर, लक्ष्मी नगर और रिठाला में रोड शो करेंगे। इसके साथ ही AAP के कार्यकर्ता घर-घर जाकर और नुक्कड़ नाटक कर के भी 5 साल में किए गए कामों का प्रचार कर रहे हैं। दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे, और 11 फरवरी को चुनाव के नतीजे घोषित होंगे।
