चीन के वुहान शहर से शुरू हुए जानलेवा Coronavirus की चपेट में विश्व के 116 देश आ चुके हैं। जबकि इससे संक्रमित 5833 लोगों की मौत हो गयी है, जबकि 155086 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। भारत में भी यह धीरे-धीरे फैलने लगा है, और अब तक 84 लोगों में इसकी पुष्टि हो चुकी है। इन लोगों में केरल के वे तीन लोग भी शामिल हैं, जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी। भारत में Corona से अब तक एक वृद्ध महिला समेत दो लोगों की मौत हो चुकी है।
Coronavirus का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लेकिन अभी भी इससे सबसे अधिक प्रभावित चीन के लोग ही हैं। इस वायरस को लेकर तैयार की गयी एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन में हुई मौत के 80 प्रतिशत मामले 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों से जुड़े थे। वर्तमान में संक्रमित लोगों की कुल संख्या आधिकारिक रिपोर्टों से काफी अधिक होने की संभावना है, और इस वायरस से संक्रमित होने के कारण चीन में Corona से अब तक 3,199 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 80,844 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। जिनमें से 61,644 मरीजों को ठीक कर अस्पतालों और अन्य स्थानों से छुट्टी दे दी गयी है।
चीन के बाद इटली में यह जानलेवा वायरस पूरी तरह से अपने पैर पसार चुका हैं। इटली में Corona के कारण अब तक 1441 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 21157 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। जिनमें से 1,045 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी है। खाड़ी देश ईरान में भी Coronavirus का कहर जारी है। ईरान में इस वायरस की चपेट में आकर 611 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 12,729 लोग इस वायरस से संक्रमित हैं जिनमें से 2,959 मरीजों को ठीक कर वापस घर लौटने को कह दिया गया है। इटली और ईरान के साथ दक्षिण कोरिया में Coronavirus के मामलों में अचानक वृद्धि हुई है। दक्षिण कोरिया में Corona से अब तक 75 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 8162 लोग इससे संक्रमित हुए हैं।
चीनी नागरिकों की अच्छी-खासी आबादी वाले देश अमेरिका में भी यह गंभीर रूप से फैल चुका है। अमेरिका में Corona से अब तक 57 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 2929 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। जिनमें से 8 स्वस्थ हो चुके हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने शुक्रवार को Coronavirus महामारी के कारण देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया। श्री ट्रंप ने कहा, “मैं आधिकारिक रूप से देश में आपातकाल की घोषणा करता हूं। इससे अमेरिकी प्रांतों और क्षेत्रों में Coronavirus महामारी से निपटने के लिए संघीय कोष से सरकार को 50 अरब डॉलर की राशि मिलेगी।” इससे पहले अमेरिका के न्यूयार्क, वाशिंगटन, कैलिफोर्निया और फ्लोरिडा समेत 8 प्रांतों में Coronavirus के संक्रमण के मद्देनजर स्वास्थ्य आपातकाल की घोषणा कर दी गयी है।