झारखंड: ठिठुरन से आठ की मौत, तापमान पहुंचा 2 डिग्री

उत्तर पश्चिम से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण रांची समेत राज्य के सभी जिलों में ठंड बढ़ गई है। बारिश के बाद तापमान में तेजी से गिरावट हुई है। रांची से 65 किमी दूर पिपरवार सबसे ठंडा इलाका रहा। शुक्रवार को पिपरवार में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, यहां अधिकतम तापमान भी 12 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज किया गया। रांची में भी शुक्रवार को मौसम साफ होते ही बर्फीली हवाओं से लोग कापने लगे है। इधर, ठंड लगने से राज्य में 8 लोगों की मौत हो गई। पाकुड़ पुलिस लाइन के आरक्षी मोहम्मद शाहबाज की शुक्रवार की सुबह ठंड लगने जान चली गई। मोहम्मद शाहबाज चतरा जिले के रहने वाले थे। दूसरी ओर, पारसनाथ पर्वत वंदना के दौरान ठंड के कारण दिल का दौरा पडऩे से शुक्रवार की सुबह राजस्थान के दो जैन तीर्थयात्रियों 59 वर्षीय ओमप्रकाश चितौरा एवं 55 वर्षीय प्रकाशचंद्र जैन की मौत हो गई। शुक्रवार को ही बासुकीनाथ मंदिर में पूजा अर्चना के दौरान 70 वर्षीया माधवी लता पांडेय (पति स्व. सुभाष चंद्र पांडेय) की मौत हो गई। वह बिहार के बांका जिले के बौंसी के अचारज मोहल्ला की रहने वाली थीं। माधवी अपने बीमार बेटे राजेश पांडेय के साथ बासुकीनाथ मंदिर में धरना पर थी। चाईबासा सदर ब्लॉक की जन वितरण प्रणाली दुकान की गाड़ी के चालक 27 वर्षीय जगदीश टोप्पो की शुक्रवार सुबह ठंड लगने से मौत हो गई।

मौसम पूर्वानुमान के तहत शुक्रवार व शनिवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी व मध्य भाग में शीतलहर चलने की संभावना है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति के साथ-साथ घना कोहरा छाए रहने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार की रात गढ़वा, चतरा, पलामू, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, खूंटी, गुमला व सिमडेगा में शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि उत्तर व उत्तर-पश्चिमी की ओर प्रवाहित हो रही बर्फीली हवा के कारण आगामी दो दिनों तक रात के तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है। इस कारण राज्य में शीतलहर व घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।


मौसम विभाग के निदेशक ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक से तीन जनवरी के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। एक जनवरी को पश्चिमी व मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि दो व तीन जनवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।

29 व 30 दिसंबर को सुबह में कोहरा छाया रहेगा। जबकि, 31 दिसंबर को सुबह में धुंध के बाद दिन में आसमान साफ रहेगा। शुक्रवार को जमशेदपुर के अधिकतम तापमान में 4.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट व न्यूनतम तापमान में 5.0 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। चाईबासा में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को पारा छह डिग्री दर्ज किया गया था। गलन की वजह से लोग घरों में ही दुबके रहे। बाजार में शाम को कोई खास रौनक नहीं दिखी। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

हजारीबाग के चौपारण के गांव करमा में 47 वर्षीय रामेश्वर तुरी की मौत गुरुवार की देर रात ठंढ के कारण हो गई। वहीं, रांची के अनगड़ा के चिलदाग निवासी 55 वर्षीय मछिंदर नायक की मौत भी गुरुवार की रात ठंड लगने से हो गई। बोकारो के चंदनकियारी थाना क्षेत्र के मढरा गांव में गुरुवार की रात ही ठंड से वृद्ध गुंजर सिंह की मौत हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम की ओर से बर्फीली हवाएं आ रही है। इस कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार को सामान्य तापमान की तुलना में रांची के अधिकतम तापमान में 5.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1