फिलीपींस में क्रिसमस पार्टी का जश्न मातम में बदल गया है। यहां उत्सव के लिए खासतौर पर परोसी जाने वाली लोगों की पसंदीदा कोकोनट वाइन पीने के बाद कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और 300 से अधिक लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। बीमार लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि घटना मनीला के दक्षिण में दो प्रांतों लागुना और क्वेजोन में हुई है।
उन्होंने बताया कि सभी लोगों ने लैम्बानॉग का सेवन किया, जो इन प्रांतों में लोकप्रिय पेय है। छुट्टियों और समारोहों के दौरान व्यापक रूप से इस ड्रिंक का सेवन किया जाता है। गुरुवार से रविवार के बीच यहां लोकप्रिय कोकोनट वाइन पीने से कई लोगों की मौतें हुईं।
दो लोगों की हालत काफी गंभीर हो गई थी और इलाज के बाद अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस कोकोनट वाइन लैम्बानॉग का सेवन करने से यह दुखद घटना हुई है, उसे उनके शहर में बनाया गया था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बचे हुए लैम्बानॉग और मरीजों के खून के नमूने ले लिए गए हैं और उन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है।
कुछ लोगों ने छुट्टियों के लिए और कुछ लोगों ने जन्मदिन की पार्टी के लिए कोकोनट वाइन को खरीदा था, जबकि अन्य लोगों को क्रिसमस की पार्टी के लिए स्थानीय अधिकारियों की ओर से यह ड्रिंक गिफ्ट किया गया था। फिलीपींस में लैम्बानॉग का बिना किसी नियंत्रण के उत्पादन और बिक्री आम है। इसे अक्सर अवैध रूप से खतरनाक एडिटिव्स के साथ मिलाकर बनाया जाता है।
