Bihar Chunav 2025 : बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सभी पेंशनधारकों के खातों में नई पेंशन राशि भेजी है. उन्होंने कहा कि सरकार ने तय कर लिया है कि हर महीने 400 से ₹1100 राशि मिलेगी. यह राशि जून से प्रभावी किया गया है. हर महीने की 10 तारीख को पेंशन की राशि सभी के खाते में चली जाएगी. बिहार के सभी विधवा, वृद्ध, दिव्यांग सभी को 1100 रु दिया जाएगा. आज से इसकी शुरुआत की जा रही है जो करोड़ों लोगों को फायदा पहुंचाएगी. जिसकी उम्र 60 साल की हो वह चाहे पुरुष या महिला हो सभी को यह मदद दी जाएगी. 60 साल से ज्यादा के सभी दिव्यांगों को भी यह मदद दी जा रही है. साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अब हम कहीं नहीं जाएंगे. 2005 से पहले की सरकार किसी के लिए कुछ नहीं करती थी. सभी लोगों के लिए हम लोगों ने काम करना शुरू किया. महिला को पहले कोई नहीं पूछता था. मेरी सरकार आने से पहले महिला को कोई ध्यान नहीं देता था. हम लोगों ने सरकार में जाकर महिलाओं को प्राथमिकता के रूप में मदद किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 18 जुलाई को मोतिहारी दौरे से पहले एनडीए ने राजद को बड़ा झटका दिया. मोतिहारी के लगभग 200 राजद मुसलमान कार्यकर्ताओं को जदयू ने घर वापसी कराई. मोतिहारी के बंजरिया में आयोजित मिलन समारोह में जदयू के वरिष्ठ नेता और विधान पार्षद खालिद अनवर की मौजूदगी में राजद के 200 मुस्लिम कार्यकर्ताओं ने जदयू की सदस्यता लेते हुए पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर भरोसा जताया. वहीं, जेडीयू के वरिष्ठ नेता और विधान पार्षद खालीद अनवर ने लालू यादव की पार्टी राजद को लुटेरा और डरवाने वाला पार्टी करार देते हुये बड़ा हमला बोला है. खालिद अनवर ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि राजद केवल मुसलमानों को डराकर लूटने का काम किया है मानसून सत्र के बाद लालू परिवार की पार्टी राजद में बड़ी लूट और खलबली मचने वाली है. अगस्त महीने में राजद के कई बड़े नेता, विधायक और विधान पार्षद एनडीए में आने वाले हैं. केवल मानसून सत्र को लेकर अभी-अभी गहन मंथन हो रहा है. लालू यादव के परिवार और पार्टी में बड़ी भगदड़ होने वाली है. उन्होंने कहा कि लगातार लोग नाराज हैं और मुस्लिम समाज भी अब लालू से अलग हटकर विकास के मुद्दे पर एनडीए के साथ आ रहा है. आने वाले समय में राष्ट्रीय जनता दल को मुस्लिम बाय-बाय करने वाले हैं. चम्पारण से जिन, मुस्लिमों ने राजद में विद्रोह का आगाज किया है वह पूरे बिहार में होने वाला है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 18 जुलाई को बिहार के मोतिहारी में दौरा है. इससे पहले इलाके में सुरक्षाबलों की पैनी नजर है. रेलवे स्टेशन से लेकर बस स्टैंड तक हर जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. साथ ही कड़ी निगरानी की जा रही है.
भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय लीगल कॉन्क्लेव 12 जुलाई को पटना में
भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय लीगल कॉन्क्लेव कल यानी 12 जुलाई 2025 को पटना में आयोजित होने जा रहा है. यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है, जिसमें कांग्रेस पार्टी के कई दिग्गज नेता और पदाधिकारी हिस्सा लेंगे. इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तंखा, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार, बिहार कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लंबा, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद, सामाजिक कार्यकर्ता सुधा वर्गीज और लोकसभा सांसद मनोज राम जैसे प्रमुख चेहरे शिरकत करेंगे.
आरजेडी और कांग्रेस की अलग रणनीति, क्या दे पाएंगे एनडीए को मात?
बिहार चुनाव 2025 न्यूज़ लाइव: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर तेजस्वी और कांग्रेस जिताऊ रणनीति बनाने लगे है. तेजस्वी ने सीटों और उम्मीदवारों के चयन के लिए सर्वे कराना शुरू कर दिया है. तेजस्वी आरजेडी के तमाम वर्तमान विधायकों के कामों और जनता के साथ उनके व्यवहार का फीडबैक भी ले रहे हैं. तेजस्वी ने साफ कर दिया है कि इस बार नेताओं की गणेश परिक्रमा करने या चापलूसी से टिकट नहीं मिलेगा. जिन नेताओं का काम को लेकर फीडबैक अच्छा रहेगा उसे ही टिकट दिया जाएगा. कांग्रेस जिताऊ सीटों के पहचान में लगी है. सीटों के चयन और उम्मीदवारों के चेहरे को लेकर तेजस्वी यादव और कांग्रेस सीटों के चयन और उम्मीदवारों का चुनाव को लेकर लगातार मंथन कर रही है. इस चुनाव में एनडीए को मात देने के लिए तेजस्वी और कांग्रेस सर्वे रिपोर्ट के आधार पर रणनीति बनाने लगे है.
जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी का बयान
बिहार चुनाव 2025 न्यूज़ लाइव: जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी का बयान सामने आया. उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के 75 साल की उम्र में दूसरों को रास्ता देने वाले बयान पर कहा कि मैं आदरपूर्वक कहना चाहता हूं कि मोहन भागवत, नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार, राजनाथ सिंह 75 के आसपास हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में गरिमा पूर्वक काम कर रहे हैं उम्र उन पर हावी नहीं है. इसके पहले भी महात्मा गांधी जवाहरलाल नेहरू सरदार पटेल आडवाणी जी अटल जी शरद पवार सामाजिक और राजनीतिक जीवन में मजबूती से अपने फर्ज और कर्तव्य का निर्वहन किए. अनुभव के जरिए और अनुभव के सहारे नीतीश कुमार अगले 5 साल और बिहार को सेवा देंगे.
सीएम नीतीश कुमार ने विपक्ष पर साधा निशाना
बिहार चुनाव 2025 न्यूज़ लाइव: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला और कहा कि अब वे कहीं नहीं जाने वाले हैं. उन्होंने अपने पुराने कार्यों को याद दिलाते हुए कहा कि 2005 से पहले की सरकारें आम लोगों के लिए कुछ नहीं करती थीं, लेकिन उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद सभी वर्गों के लिए काम शुरू किया. नीतीश कुमार ने कहा कि खासकर महिलाओं के लिए उनकी सरकार ने ऐतिहासिक फैसले लिए हैं. पहले महिलाएं उपेक्षित थीं, कोई उन्हें पूछता तक नहीं था. लेकिन हमने उन्हें प्राथमिकता दी. पंचायतों में 50% आरक्षण और सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण देकर उन्हें मुख्यधारा में लाया. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने सिर्फ महिलाओं के लिए ही नहीं, बल्कि पुरुषों, दलितों और पिछड़े वर्गों के लिए भी लगातार काम किया है. उन्होंने यह भी तंज कसते हुए कहा कि थोड़े समय के लिए वे जब अन्य दलों के साथ गए थे, तो कुछ लोग बेकाबू होकर मनमानी करने लगे थे. कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं से सीएम नीतीश ने अपील करते हुए कहा, “आप लोग हमारा साथ जरूर देंगे ना?” उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विशेषकर महिलाएं उनके काम और नीयत को पहचानती हैं और आगे भी समर्थन करेंगी.
पेंशनधारियों के खाते में आएगी बढ़ी हुई पेंशन
बिहार चुनाव 2025 न्यूज़ लाइव: पेंशन धारियों को नीतीश कुमार ने बड़ा ताहफा दिया. चुनाव से पहले 1 करोड़ 11 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खाते में पेंशन जाएगी. सीएम नीतीश कुमार डीबीटी के जरिए पेंशनधारियों के खाते में पैसा डालेंगे. कुल 1227.27 करोड़ की राशि पेंशनधारियों के खाते में ट्रांसफर करेंगे. हाल ही में नीतीश ने सभी सामाजिक पेंशन को 400 से बढ़ाकर 1100 किया था.
वोटर रिवीजन पर क्या बोले बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल
बिहार चुनाव 2025 न्यूज़ लाइव: दिल्ली: भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने सुप्रीम कोर्ट के चुनाव आयोग को बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभ्यास की अनुमति देने पर कहा कि “सुप्रीम कोर्ट के कल के निर्णय के बाद अब इसमें राजनीति की गुंजाइश समाप्त हो गई है. इसमें राजनीति का कोई स्थान नहीं है, रिवीजन हो रही है और वो लोग जो बिहार में वास्तविक रूप से मतदाता हैं वो वोट के अधिकार से वंचित न हो इस पर हम सबको मिलकर प्रयास करना चाहिए.”
वोटर वेरिफिकेशन फॉर्म भरवाने घर-घर जा रहे BLO, बीजेपी विधायक भी पहुंचे
बिहार चुनाव 2025 न्यूज़ लाइव: गोपालगंज में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता फार्म भरवा रहे हैं. इसी क्रम में सदर एसडीएम अनिल कुमार ने सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन, बीजेपी विधायक कुसुम देवी, पूर्व विधायक रेयाजुल हक राजू समेत अन्य जनप्रतिनिधियों का फॉर्म भरवाया. एसडीएम ने बताया कि चुनाव आयोग ने नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए 25 जुलाई तक की तिथि निर्धारित की है. विधायक कुसुम देवी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे फॉर्म भरकर अपने विवरण सही कराएं, ताकि उन्हें आगामी चुनाव में मतदान का अधिकार प्राप्त हो सके. निर्वाचन कार्य को सफल बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी है.

