अमिताभ बच्चन लंबे समय से लोकप्रिय क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की मेजबानी करते आ रहे हैं। इस साल भी वह शो के 18वें सीजन के साथ दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। इस हफ्ते ‘केबीसी 20’ के मंच पर अभिनेता राजकुमार राव, वामिका गब्बी और पब्लिक प्रोसिक्यूटर उज्जवल निकम बतौर खास मेहमान पहुंचे। राजकुमार राव इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम’ को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी यह फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में राजकुमार राव ‘कौन बनेगा करोड़पति 20’ में पहुंचे, जहां उन्होंने खेल के दौरान 1.25 लाख रुपये की रकम जीती। राजकुमार ने जीती हुई पूरी राशि जलगांव की संस्था ‘मनोबल’ को दान कर दी, जो दृष्टिबाधित बच्चों के लिए काम करती है। शो के दौरान उज्जवल निकम ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले से जुड़े कई अहम पहलुओं पर भी चर्चा की और उस दौर से जुड़े कुछ चौंकाने वाले किस्से साझा किए।
उज्जवल निकम की बात सुनकर चौंके अमिताभ बच्चन
‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर अमिताभ बच्चन ने उज्जवल निकम से 26/11 मुंबई आतंकी हमले से जुड़े कई सवाल पूछे। बातचीत के दौरान बिग बी ने यह जानना चाहा कि आतंकी अजमल कसाब को फांसी देने में करीब चार साल का वक्त क्यों लगा। अमिताभ ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कसाब को मौके पर ही सजा मिल जानी चाहिए थी और इसके लिए इतना लंबा इंतजार नहीं होना चाहिए था। जवाब में उज्जवल निकम ने पूरी कानूनी प्रक्रिया समझाई। इसी दौरान उन्होंने 26/11 मामले की सुनवाई से जुड़ा एक दावा भी साझा किया। निकम के मुताबिक, सुनवाई के दौरान अजमल कसाब ने कथित तौर पर कहा था कि वह अमिताभ बच्चन से मिलने के लिए मुंबई आया था। यह बात सुनकर अमिताभ बच्चन भी हैरान रह गए।
बिग बी ने दिया तीखा जवाब
उज्जवल निकम ने शो में अजमल कसाब के साथ अदालत में हुई अपनी पहली मुलाकात का जिक्र भी किया। उन्होंने बताया कि जब कसाब को कोर्ट में पेश किया गया, तब दोनों ने एक-दूसरे को देखा। इसी दौरान निकम ने दावा किया कि कसाब ने उनसे मुंबई आने की वजह बताते हुए अमिताभ बच्चन का जिक्र किया था। निकम के मुताबिक, कसाब ने कहा था कि वह अमिताभ बच्चन को देखने के लिए मुंबई आया था। यह बात सुनकर बिग बी हैरान रह गए। अमिताभ ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर कसाब उनसे मिलने उनके घर आता, तो वह वहां से वापस नहीं जा पाता और उसे वहीं गोली मार दी जाती। इसके बाद उज्जवल निकम ने 26/11 मामले की सुनवाई में हुई देरी की वजह भी समझाई। उन्होंने बताया कि कानून के मुताबिक किसी आरोपी को तब तक निर्दोष माना जाता है, जब तक अदालत में उसका अपराध साबित न हो जाए। साथ ही आरोपी को अपने बचाव का पूरा कानूनी अधिकार भी मिलता है, जिसके चलते ऐसे मामलों में न्यायिक प्रक्रिया में समय लग सकता है।
‘प्रहारः द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम’ की कास्ट और रिलीज डेट
राजकुमार राव जल्द ही फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्जवल निकम’ में एक अलग तरह के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में वह मशहूर पब्लिक प्रोसिक्यूटर उज्जवल निकम की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी के जरिए निकम के जीवन, उनके संघर्ष और करियर से जुड़े उन पहलुओं को दिखाया जाएगा, जिनसे अब तक बहुत कम लोग परिचित हैं। फिल्म में राजकुमार राव के अलावा वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर, आशीष विद्यार्थी और ललित प्रभाकर भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी यह फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।

