महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का बुधवार को एक प्लेन क्रैश में निधन हो गया. प्लेन में सवार सभी 6 यात्रियों का निधन हो गया. अब यह जानकारी सामने आई है कि अजित पवार के शव की पहचान उनकी घड़ी से हुई. वही घड़ी उनकी आख़िरी पहचान साबित हुई. इससे इस हादसे की भयावहता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है.
अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, एनसीपी (शरद पवार) के चीफ शरद पवार मुंबई से बारामती के लिए रवाना हो गए हैं.
वहीं दिल्ली से सुप्रिया सुले, अजित की पत्नी सुनेत्रा पवार, उनके बच्चे पार्थ और जय बारामती के लिए निकल गए हैं. दूसरी ओर रोहित पवार उस अस्पताल में पहुंचे जहां अजित का पार्थिव शरीर रखा हुआ है.
अजित पवार के निधन पर जताया शोक
उधर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ तथा दिग्विजय सिंह समेत मध्यप्रदेश के कई नेताओं ने बुधवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया. यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,’महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी गरीबों, वंचितों और पिछड़ों की सेवा में सदैव समर्पित रहे. महाराष्ट्र के विकास में उनका अमूल्य योगदान रहा. वह जमीन से जुड़े नेता थे. उनके असामयिक निधन पर मैं श्रद्धांजलि व्यक्त करता हूं.’ उन्होंने कहा, ‘बाबा महाकाल से मैं प्रार्थना करता हूं कि वह उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह कष्ट सहने की शक्ति दें.’
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि अजित पवार जी के निधन का समाचार सुनकर वह स्तब्ध हैं और मन गहरी वेदना एवं पीड़ा से भरा है. उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा है कि अजित पवार अब हमारे बीच नहीं रहे. उन्होंने कहा, ‘वह मेरे गहरे मित्र और आत्मीय साथी थे. एक जननेता, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी व्यक्तित्व के रूप में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा. उनके जाने से महाराष्ट्र की राजनीति में जो शून्य उत्पन्न हुआ है, वह अपूरणीय है.’
कमलनाथ ने ‘एक्स’ लिखा कि अजित पवार के निधन से भारत की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है और उन्होंने अपना पूरा जीवन महाराष्ट्र के लोगों की सेवा के लिए समर्पित किया. उन्होंने कहा, ‘ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार जनों को यह दुख सहन करने की शक्ति दें.’ दिग्विजय सिंह ने कहा,’विमान दुर्घटना में अजित दादा के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं. सुनेत्रा जी और उनके परिवार के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं हैं. ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दे.’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि अजित पवार के निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक और हृदय-विदारक है. उन्होंने कहा, ‘मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार और समर्थकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें.’

