अहमदाबाद में हुए हादसे के बाद एअर इंडिया का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. कई उड़ानें रद्द या डायवर्ट की गई हैं, जिसमें 8 अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें भी शामिल हैं. एअर इंडिया ने रखरखाव और परिचालन संबंधी कारणों का हवाला दिया है. यात्रियों को पूरा रिफंड या मुफ्त रीशेड्यूलिंग की पेशकश की गई है.
अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान हादसे के बाद एयरलाइनों के लिए यह सप्ताह उथल-पुथल भरा रहा. इस हादसे के बाद से तकनीकी खराबी, सुरक्षा खतरों सहित तमाम कारणों से कई उड़ानों को रद्द या फिर डायवर्ट किया गया. इस बीच एअर इंडिया ने शुक्रवार को 8 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया है. इसमें 4 अंतरराष्ट्रीय और 4 घरेलू उड़ान शामिल हैं. विमानन कंपनी ने उड़ान रद्द करने का कारण रखरखाव और परिचालन संबंधी दिया है. इस संबंध में एअर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर जानकारी दी है.
एयरलाइन ने यात्रियों को पूरा रिफंड या मुफ्त रीशेड्यूलेशन की पेशकश की है और वैकल्पिक यात्रा योजनाओं के साथ यात्रियों की मदद कर रही है. बयान में कहा गया है, ‘हमें यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है. हमारे ग्राउंड पर मौजूद सहकर्मी उनके लिए जल्द से जल्द अपने गंतव्यों तक उड़ान भरने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं. यात्रियों को कैंसिलेशन पूरा रिफंड या रीशेड्यूलेशन देने की पेशकश की गई है.’
एअर इंडिया ने ये फ्लाइट्स की रद्द
दुबई से चेन्नई-AI906
दिल्ली से मेलबर्न- AI308
मेलबर्न से दिल्ली-AI309
दुबई से हैदराबाद-AI2204
पुणे से दिल्ली -AI874
अहमदाबाद से दिल्ली-AI456
हैदराबाद से मुंबई-AI-2872
चेन्नई से मुंबई-AI571
एयरलाइन जारी की यात्रियों के लिए एडवाइजरी
एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति उसकी वेबसाइट पर देखें या अपडेट के लिए कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करें. कंपनी ने बयान में आगे कहा, ‘हमारे विमानों की लगातार बढ़ती जांच, हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों और खराब मौसम के कारण, हमें कुछ व्यवधानों की आशंका है, जिसके बारे में यात्रियों को उचित रूप से सूचित किया जाएगा. यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति airindia.com पर देखें या हमारे कस्टमर केयर नंबर 011 69329333, 011 69329999 पर कॉल करें’

