वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इस जानलेवा वायरस से राजधानी में संक्रमित लोगों की तादाद 1700 के पार पहुंच गई है। दिल्ली के जहांगीरपुरी से एक ही परिवार में आज 31 लोगों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। प्रशासन में इसकी जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि जहांगीरपुरी के ब्लॉक C में शनिवार को कोरोना वायरस के 31 मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने आनन-फानन में पूरा इलाका सील कर दिया। जहांगीरपुरी का यह क्षेत्र पहले से ही कंटेनमेंट जोन घोषित था। इस क्षेत्र में कुछ दिनों पहले कोरोना से एक महिला की मौत हो गई थी। आज संक्रमित पाए गए ये लोग उस महिला और उसके परिवार से पहले से ही संपर्क में थे। हालांकि महिला के परिवार को पहले ही क्वारंटीन किया जा चुका था।
उत्तरी दिल्ली के डिस्ट्रिक मजिस्ट्रेट दीपक शिंदे ने बताया कि जहांगीरपुरी के ब्लॉक सी में कोरोना वायरस के 31 नए मामले सामने आए हैं। इस इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। ये लोग कोरोना का शिकार हुई एक महिला के परिवार से जुड़े हैं। राजधानी में अभी तक कुल 1707 कोरोना पॉजिटिव केस आ चुके हैं। जिसमें कि 67 मरीज शुक्रवार को आए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में अब तक 42 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 911 मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। 27 मरीज ICU में रखे गए हैं जबकि 6 को वेंटिलेटर पर रखा गया है।