मुंबई के गोरेगांव ईस्ट के राम मंदिर इलाके में संदिग्ध केमिकल गैस की चपेट में आने से दो युवकों की मौत के बाद बीएमसी ने कार्रवाई तेज कर दी है। यह घटना एक सार्वजनिक शौचालय में हुई, जहां तेज रासायनिक गंध के बीच 24 वर्षीय प्रभाकर धनीवर और 18 वर्षीय भाविन देसाई बेहोशी की हालत में मिले थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि पास में मौजूद एक छोटे मेटल-प्लेटिंग या इलेक्ट्रोप्लेटिंग यूनिट से निकली केमिकल गैस शौचालय तक पहुंची हो सकती है। हालांकि, गैस के स्रोत और मौत की सही वजह की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
घटना के बाद बीएमसी और अन्य संबंधित विभागों ने इलाके का निरीक्षण किया। रिपोर्टों के मुताबिक, संदिग्ध अवैध झोपड़ियों और आसपास के निर्माण पर भी बीएमसी ने बुलडोजर कार्रवाई की है। वहीं, संबंधित फैक्ट्री और सार्वजनिक शौचालय को सील किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस ने मामले में फैक्ट्री के मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर केमिकल गैस शौचालय तक कैसे पहुंची और इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।

