भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती नजदीकियों से पाकिस्तान को डबल झटका लगा है. एक तो भारतीय सामानों पर अमेरिकी टैरिफ घट गया और ऊपर से डोनाल्ड ट्रंप ने लगाया भी पाकिस्तान से कम, दूसरा लंबे समय से अटकी 500 बिलियन डॉलर की ट्रेड डील पर भी मुहर लग गई, साथ ही ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिगरी दोस्त भी बताया. अब ये सब सुनकर पाकिस्तान के पसीने छूट रहे हैं. भारत पर अमेरिकी टैरिफ 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत हो गया, जबकि पाकिस्तान पर 19 प्रतिशत टैरिफ लागू है.
पाकिस्तानी एक्सपर्ट कमर चीमा ने कहा कि ट्रंप साहब ने ट्रूथ सोशल पर जो पोस्ट किया उसमें एक तो उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी मेरे बड़े अच्छे दोस्त हैं और वह वेनेजुएला और अमेरिका से तेल खरीदेंगे. दूसरा उन्होंने कहा है कि हमारी जो दोस्ती है वो ऐसी ही रहेगी. बहुत ही इंटरेस्टिंग सिनेरियो सामने आया है.
पाक एक्सपर्ट ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रेड को लेकर जो ऐलान किया है उसके अनुसार इंडिया 500 अरब डॉलर की एनर्जी और टेक्नोलॉजी की चीजें अमेरिका से खरीदेगा.
कमर चीमा ने कहा, ‘मुझे तो ऐसा लग रहा है कि इंडिया ये 500 अरब डॉलर की चीजें खरीदे भी न क्योंकि इंडिया को खरीदनी हैं अपनी मर्जी की चीजें. जैसे इंडियंस F-35 तो नहीं ले रहे वो तो SU-57 ले रहे हैं. वो कहते हैं कि हमें F-35 की क्या जरूरत है और न अमेरिका F-35 देगा, पैसे भी फंस जाएंगे. मैंने एक जैपनीज रिपोर्ट पढ़ी थी कि पांच साल हो गए हैं 7.2 बिलियन डॉलर फंसे हुए हैं उनके, अमेरिका से उनके डिफेंस प्रोडक्ट नहीं आ रहे तो ये चीजें हैं.’
कमर चीमा ने कहा कि पिछले हफ्ते इंडिया ने यूरोपियन यूनियन के 27 देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया है, तो ट्रंप ये सोच रहे थे कि अमेरिका के सारे वेस्टर्न पार्टनर्स इंडिया के साथ जाकर बैठ गए हैं, तो मैं क्यों इंडिया की इतनी बड़ी मार्केट को छोड़ूं और वो खुद मेरे पास आना भी चाहता है. उन्होंने कहा कि वेस्टर्न मीडिया यही लिख रहे हैं कि इस डील से हमारी तो लॉट्री निकल आई है. वो लॉट्री इसलिए निकल आई कि उन्होंने सोचा कि कब तक ऐसा चलेगा, आप आपने ऑप्शंस कम कर रहे हैं.
पाक एक्सपर्ट कमर चीमा ने कहा कि अमेरिका के अंदर भी ये बात हुई न कि ट्रंप के मुकाबले पीएम मोदी ने ज्यादा डील की हैं. इस बात पर भी विचार चल रहा था कि भाई ये हो क्या रहा है. बेसिकली ईयू ने अमेरिका को भारत से ट्रेड करने के लिए पुश किया है.

