पिछले कुछ सालों में ग्रीन टी पीने का चलन भारत में काफी बढ़ा है। ग्रीन टी को सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसमें भरपूर एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं तो शरीर को एजिंग से बचाने में मदद करते हैं। ग्रीन टी पेट लेकर त्वचा और बालों तक के लिए फायदेमंद है। आप वजन घटाने के लिए भी ग्रीन टी का इस्तेमाल कर सकते हैं। बालों के लिए भी ग्रीन टी को वरदान माना जाता है। खासकर ग्रीन टी के पानी से बालों को धोने से कमाल के नतीजे मिलते हैं। आइए जानते हैं ग्रीन टी का पानी बालों पर लगाने से क्या होता है और इसे कैसे इस्तेमाल करें?
ग्रीन टी से बालों को कैसे धोएं
सबसे पहले किसी माइल्ड शैंपू से बालों को धो लें और कंडीशनर का इस्तेमाल कर लें। अब एक मग में गर्म पानी लें और उसमें 2 ग्रीन टी बैग्स डालकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। करीब 10 मिनट के बाद ग्रीन टी वाले पानी को बालों पर डालें और हल्का वॉश करें। इसे स्कैल्प से लेकर बालों के सिरे तक अच्छी तरह से लगाना है। हफ्ते में 3-4 बार या जब भी शैंपू करें आप ग्रीन टी के पानी से बालों को धो सकते हैं।
ग्रीन टी के पानी से बालों को धोने के ये फायदे
बालों को झड़ना कम- अगर आपको बहुत ज्यादा हेयर लॉस हो रहा है तो आप ग्रीन टी का इस्तेमाल कर सकते हैं। ग्रीन टी में एंटीऑक्सीडेंट की अच्छी मात्रा पाई जाती है। इसमें कैटेचिन जैसे पॉलीफेनोल्स पाए जाते हैं जो बालों को अंदर से मजबूत बनाते हैं औ बालों का झड़ना कम करते हैं। हेयर फॉल की समस्या होने पर इसका उपयोग जरूर करें।
बालों को लंबा बनाए- ग्रीन टी वाले पानी से बालों को धोने से बालों की लंबाई बढ़ती है। इसे हेयर ग्रोथ के लिए अच्छा माना जाता है। ग्रीन टी स्कैल्प में बल्ड सर्कुलेशन में सुधार लाती है। जिससे ऑक्सीजन अच्छी तरह बालों की ग्रोथ और दोबारा उगने में मदद करता है। ग्रीन टी में पाया जाने वाला एपिगैलोकैटेचिन गैलेट बालों के रोम पर उत्तेजक असर डालते है, जिससे बाल लंबे होते हैं।
दोमुंहे बाल कम होंगे- जिन लोगों को दोमुंहे बालों की समस्या रहती है उन्हें ग्रीन टी से बाल जरूर धोने चाहिए। ग्रीन टी में विटामिन ई और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं जो दोमुंहे बालों को कम करते हैं। ग्रीन टी के पानी से बालों को धोने से बाल मुलायम और चमकदार बनते हैं।
डैंड्रफ दूर होगी- जब बालों में डैंड्रफ की समस्या बढ़ने लगे तो ग्रीन टी के पानी से बाल धोना फायदेमंद साबित होता है। इससे स्कैल्प पर जमी रूसी की परत साफ होने लगती है। ग्रीन टी में एंटीसेप्टिक और एंटी इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो डैंड्रफ को कम करते हैं और इससे डैंड्रफ के कारण होने वाली जलन और खुजली भी शांत होती है।

