West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल की रासबिहारी विधानसभा सीट कोलकाता की अहम शहरी सीटों में शामिल है। यह सीट शिक्षित मध्यम वर्ग, व्यापारिक समुदाय और सरकारी-निजी क्षेत्र में काम करने वाले मतदाताओं का प्रतिनिधित्व करती है। पिछले 3 विधानसभा चुनावों में इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस का दबदबा रहा है, लेकिन बीजेपी ने 2021 में अपना वोट शेयर तेजी से बढ़ाकर मुकाबले को बेहद रोचक बना दिया था। 2026 के विधानसभा चुनाव में रासबिहारी सीट पर मुकाबला और कड़ा होने की संभावना है।
2021 के चुनावों में टीएमसी की बड़ी जीत
2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में रासबिहारी सीट पर मुकाबला मुख्य रूप से तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच रहा। इस चुनाव में TMC के उम्मीदवार देबाशीष कुमार ने जीत दर्ज की। उन्हें 65,704 वोट (52.79%) मिले थे, वहीं BJP के उम्मीदवार लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) सुब्रत साहा को 44,290 वोट (35.59%) प्राप्त हुए। कांग्रेस के आशुतोष चटर्जी को 10,314 वोट (8.29%) मिले, जबकि NOTA के पक्ष में 1,662 वोट (1.34%) पड़े। इस तरह TMC ने 21,414 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। हालांकि इस चुनाव में BJP का वोट शेयर पिछले चुनावों के मुकाबले लगभग 19 प्रतिशत बढ़ गया था।
2016 के चुनाव में दूसरे नंबर पर थी कांग्रेस
2016 के विधानसभा चुनाव में रासबिहारी सीट पर मुकाबला अपेक्षाकृत करीबी रहा था। उस समय TMC के वरिष्ठ नेता सोवंदेब चट्टोपाध्याय ने जीत दर्ज की। उन्हें 60,857 वोट (44.15%) प्राप्त हुए थे। वहीं,कांग्रेस के उम्मीदवार आशुतोष चटर्जी को 46,304 वोट (33.59%) मिले, जबकि BJP के समीर बनर्जी को 23,381 वोट (16.96%) प्राप्त हुए। इस चुनाव में NOTA के पक्ष में 3,872 वोट (2.81%) डाले गए। इन चुनावों के बाद इस सीट पर बीजेपी लगातार मजबूत होती गई और 2021 के चुनावों में कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया।
2011 में टीएमसी की हुई थी बहुत बड़ी जीत
2011 का विधानसभा चुनाव पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक माना जाता है, क्योंकि इसी चुनाव में राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ था। इस चुनाव में रासबिहारी सीट पर TMC ने बड़ी जीत दर्ज की थी। TMC के सोवंदेब चट्टोपाध्याय को 88,892 वोट (65.60%) मिले थे। वहीं, CPI(M) के शांतनु बसु को 38,998 वोट (28.76%) प्राप्त हुए, जबकि BJP के जीवन कुमार सेन को 5,108 वोट (3.77%) प्राप्त हुए थे।
2026 के चुनाव में क्या होंगे निर्णायक फैक्टर?
2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में रासबिहारी सीट पर मुकाबला मुख्य रूप से TMC और BJP के बीच केंद्रित रहने की संभावना है, क्योंकि कांग्रेस का प्रभाव इस सीट पर लगातार कम होता दिखाई दिया है। इस सीट पर शहरी मध्यम वर्ग और प्रोफेशनल मतदाताओं का रुझान, BJP का तेजी से बढ़ता वोट शेयर, और TMC की मजबूत संगठनात्मक पकड़ चुनावी समीकरणों के लिहाज से अहम मानी जा रही है। 2026 के चुनावों में इस सीट पर कड़ा मुकाबला साबित हो सकता है, जहां दोनों प्रमुख दल अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेंगे।

