महज 15 साल की उम्र में कर्नाटक की युवा ऑलराउंडर उमा काश्वी ने WPL 2027 के ऑक्शन में इतिहास रच दिया। 28 अक्टूबर को हुए ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 10 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा। इसके साथ ही वह WPL ऑक्शन में बिकने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गईं। उमा ने दीया यादव का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्हें 16 साल की उम्र में दिल्ली कैपिटल्स ने 10 लाख रुपये में खरीदा था। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने 2025 के मिनी ऑक्शन में 16 साल की विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमलिनी को अपनी टीम में शामिल किया था।
कौन हैं उमा काश्वी?
कर्नाटक की 15 वर्षीय उमा काश्वी एक प्रतिभाशाली ऑलराउंडर हैं, जो भारतीय अंडर-19 महिला टीम का हिस्सा बन चुकी हैं। वह दाएं हाथ से बल्लेबाजी करने के साथ ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करती हैं। उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें 2027 में होने वाले ICC अंडर-19 महिला T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का संभावित दावेदार माना जा रहा है। यह टूर्नामेंट बांग्लादेश और नेपाल में आयोजित होगा। उमा ने श्रीलंका के खिलाफ भारतीय अंडर-19 टीम में डेब्यू किया था। अब तक वह दो यूथ महिला ODI और तीन यूथ महिला T20I मुकाबले खेल चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने T20 मैचों में चार विकेट और ODI मुकाबलों में दो विकेट हासिल कर अपनी गेंदबाजी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
घरेलू क्रिकेट में भी दिखा चुकी हैं दम
उमा काश्वी ने घरेलू क्रिकेट में भी अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। हाल ही में महिला अंडर-19 T20 ट्रॉफी में विदर्भ के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। नागपुर के सिविल लाइंस स्टेडियम में मैच के दौरान उमा का सामना अचानक एक बंदर से हो गया था। हालांकि, मैदान पर उन्होंने गेंद से कमाल दिखाया। कर्नाटक की टीम ने यह मुकाबला 6 रन से अपने नाम किया, जिसमें उमा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने चार ओवर में महज 18 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि उमा कम उम्र में ही अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती हैं।
वैभव से सिर्फ 12 दिन बड़ी उमा
उमा काश्वी का जन्म 9 अप्रैल 2011 को हुआ था। वह IPL ऑक्शन में बिकने वाले सबसे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी से सिर्फ 12 दिन बड़ी हैं। वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को हुआ था और उनके नाम IPL ऑक्शन में सबसे कम उम्र में बिकने का रिकॉर्ड है। वहीं, अब उमा ने WPL ऑक्शन में सबसे युवा खिलाड़ी बनकर महिला क्रिकेट में अपनी खास पहचान बना ली है।

